मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम को एक गैस टैंकर के पलट जाने की वजह से 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में 30 घंटे तक गाड़ियां फंसी रही। इस वजह से जाम में फंसे लोगों को खाना, पानी और टॉयलेट के लिए काफी परेशान होना पड़ा।

टैंकर बेहद ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहा था। टैंकर पलटने की वजह से जहरीली गैस का रिसाव भी हुआ और हालात को संभालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की टीम को तैनात किया गया है।

94.5 किलोमीटर लंबा है एक्सप्रेसवे

हाईवे ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बहाल होने तक मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर यात्रा करने से बचें। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन चौड़ा टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है।

किसने बनाया ये मुजस्सिमा? मुंबई में बने फ्लाईओवर का डिजाइन देख हर कोई बस यही कह रहा

अदोशी सुरंग के पास हुई घटना

एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टैंकर पलट गया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास तब हुई जब तेज गति से जा रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। प्रोपलीन गैस का रिसाव होने की वजह से एहतियात के तौर पर पुलिस ने मुंबई की ओर के यातायात को तुरंत बंद कर दिया।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस के एक कंडक्टर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनका वाहन दुर्घटनास्थल के पास छह घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहा जिससे यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय तक की सुविधा नहीं मिल पाई।

कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को ”पार्किंग स्थल” बताया और दूसरों को सलाह दी कि जब तक जरूरी नहीं हो, यात्रा करने से बचें। जाम के कारण पुणे जाने वाले वाहन चालकों को भी असुविधा हुई।

यह भी पढ़ें- अजित पवार की मौत मामले में NCP विधायक ने उठाए सवाल