प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकारी खर्च में कटौती और मितव्ययिता को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाया है। मोदी ने अपने काफिले का आकार आधिकारिक रूप से आधा करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री की यह पहल न केवल सरकारी संसाधनों की बचत करेगी बल्कि मंत्रियों और अधिकारियों के लिए भी उदाहरण बनेगी।

‘टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा के लिए तैनात विशेष सुरक्षा दल (SPG) को अपने काफिले में कारों की संख्या 50% तक कम करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, उन्होंने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की है, लेकिन अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए नए वाहन खरीदने से मना किया है।

एसपीजी ने निर्देश का पालन करना शुरू कर दिया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ब्लू बुक में निर्धारित अनिवार्य सुरक्षा दिशानिर्देशों से कोई समझौता न हो। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की हाल की दिल्ली से बाहर की यात्राओं के दौरान काफिले का आकार छोटा दिखाई दिया और एसपीजी इस पहले कदम को आगे बढ़ाते हुए ब्लू बुक में उल्लिखित सख्त नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के तरीके खोजेगी।

रविवार को हैदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से ईंधन और सोने की खपत कम करने का आह्वान किया। घटनाक्रम से अवगत लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा पहल करना सरकार के बाकी सदस्यों के लिए शीघ्रता से उनका अनुसरण करने का संकेत है।

दरअसल, ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि मंत्रालय और विभाग आने वाले दिनों में खर्च में कटौती के उपाय अपनाने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें कर्मचारियों को मेट्रो का ज्यादा उपयोग करने, कारपूलिंग को प्राथमिकता देने और बड़े भोजों से बचने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल हो सकता है।

एक अधिकारी ने कहा कि ईंधन की खपत कम करने के सभी उपायों की पहचान करने के लिए विभिन्न विभागों में बातचीत चल रही है। प्रधानमंत्री का संदेश हम सभी के लिए है, जिसमें हम भी शामिल हैं। हम कार्मिक विभाग से इस बारे में विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं कि हमें क्या करना चाहिए। लेकिन हर विभाग को अपनी-अपनी योजनाएं बनानी होंगी। सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में अनावश्यक यात्राओं में कटौती करके ईंधन की खपत को कम करने के मुद्दे पर चर्चा की गई।

VIP काफिलों में 50% की कटौती, WFH पर जोर… PM मोदी की अपील के बाद योगी सरकार के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सोने के आयात पर अनावश्यक खर्च से बचने की अपील के बाद कहा कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। इतना ही नहीं उन्होंने वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को प्राथमिकता देने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर।