अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ से जुड़ी घोषणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी व्यक्त की है। उन्होंने एक्स पर एक ट्वीट के माध्यम से डोनाल्ड ट्रंप को अपना प्यार दोस्त भी बताया है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक ट्वीट में लिखा, “आज अपने प्यारे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। खुशी है कि अब मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद।”
‘आपसी फायदे वाले सहयोग से बहुत सारे मौके खुलते हैं’
आगे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को बड़ा बताते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग से बहुत सारे मौके खुलते हैं।
पीएम ने लिखा, “वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत ज़रूरी है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। मैं अपनी पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात- डोनाल्ड ट्रंप
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर लिखा,”प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई बातों पर बात की, जिसमें व्यापार और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करना शामिल है।”
25 प्रतिशत से घटकर 18 फीसदी टैरिफ
आगे लिखा, “वह (पीएम मोदी) रूसी तेल खरीदना बंद करने और संयुक्त राज्य अमेरिका और शायद वेनेजुएला से बहुत अधिक खरीदने पर सहमत हुए। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर सप्ताह हजारों लोग मर रहे हैं! प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर, तुरंत प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका एक कम पारस्परिक टैरिफ लगाएगा, इसे 25% से घटाकर 18% कर देगा।
आगे लिखा, “वे (भारत सरकार) भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटाकर शून्य कर देंगे। प्रधानमंत्री ने 500 बिलियन डॉलर से ज़्यादा अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों के अलावा, बहुत ज़्यादा स्तर पर “बाय अमेरिकन” के लिए भी प्रतिबद्धता जताई। भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मज़बूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं, ऐसा ज़्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता।”
पीएम मोदी और ट्रंप महान दोस्त- अमेरिकी राजदूत
इधर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी और ट्रंप को महान दोस्त बताया और एक्स पर लिखा, “जैसा कि मैंने कई बार कहा है, राष्ट्रपति ट्रंप सच में प्रधानमंत्री मोदी को एक महान दोस्त मानते हैं। आज शाम ट्रेड डील की खबर से बहुत खुश हूं। संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में असीमित क्षमता है!”
कांग्रेस ने सरकार पर किया कटाक्ष
इधर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत के बाद केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि अब ‘ट्रंप -निर्भरता’ है क्योंकि भारत को हर बात ट्रंप या उनके प्रतिनिधियों के माध्यम से पता चलती है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा, “ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति राष्ट्रपति ट्रंप ने एक दूसरे से बात की है। यह जानकारी भारत की ओर से नहीं बल्कि भारत में अमेरिकी राजदूत की ओर से दी गई है।” उन्होंने आगे कहा, “लगता है कि यह अब रोज का हो गया है कि भारत को अपनी सरकार के कामों की जानकारी केवल राष्ट्रपति ट्रंप या उनके प्रतिनिधियों से ही पता चलेगा।” आगे पढ़िए किसी भी दिन बन सकती है भारत-अमेरिका में ट्रेड डील पर बात, सिर्फ औपचारिकता ही बाकी
