प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने नई रफ्तार पकड़ी है और अब 140 करोड़ देशवासियों के संकल्प और सामर्थ्य को रोकना नामुमकिन है।
लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन पीएम नरेंद्र मोदी मोदी ने कहा कि भारत को अब छोटे सपनों के साथ आगे बढ़ने के बजाय बड़े सपने देखने और ऊंचे संकल्प लेने होंगे। उन्होंने कहा कि बड़े सपने सोच का विस्तार करते हैं और दृढ़ संकल्प होने पर कठिनाइयों तथा आपदाओं के बीच से रास्ते निकालने का सामर्थ्य अपने आप सामने आता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पहले ‘फ्रैजाइल फाइव’ देशों में गिना जाता था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के समय देश ने बहुत से सपने देखे थे, लेकिन अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने रफ्तार पकड़ी है और तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
आइए आपको बताते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की बड़ी बातें
- छात्रों पर बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोचिंग कक्षाएं गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बोझ हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विभिन्न परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएंगे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना समय की मांग है। उन्होंने सभी दलों से इसका समर्थन करने की अपील की।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हथियारबंद नक्सली खत्म हो गए हैं, लेकिन ‘बौद्धिक नक्सली’ अब भी सक्रिय हैं, हमें सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि ‘दिमागी नक्सलियों’ को समाज से अलग-थलग करना होगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश पिछले 12 वर्षों में ‘फ्रेजाइल फाइव’ से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था में बदल गया है।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सरकार ने तय किया है कि अगले एक वर्ष में एक करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें तीन चीजों-लागत, गुणवत्ता और कौशल-पर ध्यान केंद्रित करना होगा। भारत के कारखाने प्रतिस्पर्धी होने चाहिए, उत्पाद उपभोक्ताओं के अनुकूल और पैकेजिंग सर्वोत्तम होनी चाहिए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा, हम 2036 ओलंपिक खेलों की भी मेजबानी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक 2036 से पहले हमें उन खेल स्पर्धाओं में भी अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी, जिनमें हम पहले क्वालीफाई भी नहीं कर पाते थे।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सरकार प्रौद्योगिकी और इनोवेशन पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके तहत डेटा केंद्र और प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत को डिजिटल सार्वजनिक प्रौद्योगिकियों को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारत निर्मित 6जी को पूरी दुनिया में पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
- उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य ‘फॉर्च्यून 500’ में 50 भारतीय कंपनियों को शामिल कराना होना चाहिए। भारत का बैंकिंग क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है, दुनिया के शीर्ष पांच बैंकों में एक भारतीय बैंक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों को दुनिया की शीर्ष पांच दवा कंपनियों में जगह बनाने का प्रयास करना चाहिए।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुधारों में तेजी लाने के लिए केंद्र, राज्यों और सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा। हमें सुधारों की गति तेज करनी होगी और इसमें सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने तीन सेमीकंडक्टर संयंत्रों में पहले ही उत्पादन शुरू कर दिया है, और आने वाले वर्षों में पांच से आठ और संयंत्र स्थापित होने की उम्मीद है।
