प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से एक दिन पहले उनकी एक एक तस्वीर एक करोड़ रुपए में नीलाम हुई है। सोमवार (16 सितंबर, 2019) को ई-नीलामी में बिके इस फोटो का बेस प्राइज महज 500 रुपए था। दरअसल, पीएम को बीते छह महीनों में देश भर के विभिन्न हिस्सों में आधिकारिक दौरों पर रहते हुए कई तोहफे मिले थे। इन्हीं में से पीएम को यह खास मोमेंटो (फोटो वाला) भी मिला था, जिस पर गुजराती भाषा में पीएम मोदी का संदेश लिखा हुआ था।
पीएम को इसके अलावा नारियल के साथ एक चांदी का कलश भी भेंट में मिला था, जो कि उन्हें गुजरात के मौजूदा मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने दिया था। ई-नीलामी में यह कलश भी एक करोड़ रुपए में बिका है, जबकि उसकी बेस प्राइस 18 हजार रुपए ही थी।
अधिक कीमत पर नीलाम होने वाले अन्य मोमेंटो में एक धातु की मूर्ति भी शामिल है। इस प्रतिमा में गाय को अपने बछड़े को दूध पिलाते दिखाया गया है। 1500 रुपए के बेस प्राइस वाली यह प्रतिमा 51 लाख रुपए में नीलाम हुई है। बता दें कि ई-नीलामी 14 सितंबर को शुरू हुई थी, जो कि तीन अक्टूबर 2019 तक चलेगी।

मोदी को देश भर में आधिकारिक दौरों पर इन चीजों के अलावा गिफ्ट में खंजर, पगड़ियां, पेटिंग्स, शॉल्स के साथ विभिन्न आर्टिस्ट्स द्वारा बनाए गए ढेर सारे पोट्रेट्स (मोदी के) भी मिले थे। इन सभी सामानों की मूल रकम 200 रुपए से ढाई लाख रुपए के बीच की है। पीएम का पोट्रेट पिच्छवई स्टाइल में बना एक अन्य पोट्रेट भी इन्हीं में से एक है, जिसकी बेस प्राइस दो लाख रुपए है।

यह ई-नीलामी एक वेबसाइट के जरिए हुई थी, जिसे नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनजीएमए) ने तैयार किया था और सभी लोग वेबसाइट के जरिए नीलामी में शामिल हो सकते हैं। एनजीएमए के एक अधिकारी ने बताया कि आखिरी समय पर लगने वाली बोली सामान/चीज के रिजर्व प्राइस से कई अधिक है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में रकम का खुलासा नहीं किया।

