मेघायल के पूर्वी जंयतिया हिल्स जिले में हुए कोयला खदान धमाके में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसे घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और मारे गए लोगों के परिजनों को दो- दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
साथ ही प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और उनकी आर्थिक मदद के लिए 50 हजार रुपये राशि की घोषणा की। इसकी जानकारी पीएमओ के एक्स हैंडल पर दी गई है। एएनआई के खबर के मुताबिक, पूर्वी जयंतिया हिल्स कोयला खदान हादसे में अब तक 18 शव बरामद किए गए हैं। स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है।
पीएमओ ने दी जानकारी
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले से एक पोस्ट में कहा, “मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स में हुई दुर्घटना से व्यथित हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
साथ ही प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताया और ट्वीट किया, “मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में श्रमिकों की जान जाने की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
सीएम ने भी की अनुग्रह राशि की घोषणा मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने घोषणा की है कि मेघालय सरकार मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने की सीएम से बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा से बात की और मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के एक गांव में संदिग्ध अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट की स्थिति का जायजा लिया, जिसमें 18 लोगों की जान चली गई। उन्होंने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
कैसे हुआ हादसा?
सीएम कॉनराड सांगमा ने बताया कि विस्फोट में करीब 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा, “पूर्वी जयंतिया हिल्स में एक अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट हुआ। यह घटना आज सुबह करीब 11 बजे हुई। मौजूदा रिपोर्टों के अनुसार, इस विस्फोट में करीब 18 लोगों की मौत हो गई है। एक व्यक्ति घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ की एक टीम और एनडीआरएफ के कई जवान मौके पर मौजूद हैं। पूर्वी जोन के आईजी समेत पुलिस विभाग भी मौके पर मौजूद है। खनन विभाग के अधिकारी भी वहां हैं। स्थानीय प्रशासन भी मौजूद है।”
पूर्वी जयंतिया हिल्स के एसपी विकास कुमार ने कहा कि घटना थांगस्कू इलाके में हुई। यहां खदान में काम कर रहे कई लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और एक व्यक्ति जो 70% तक झुलस गया है, उसे इलाज के लिए शिलांग भेज दिया गया है। हालांकि अभी हम कह सकते कि खदान में कितने और लोग फंसे हो सकते हैं। आगे पढ़िए मेघालय में अवैध कोयला खदान में हुआ धमाका
