President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार (23 जनवरी, 2023) को 11 बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमएआरबीएपी) 2023 प्रदान करेंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पुरस्कार विजेताओं से बातचीत करेंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी भी बच्चों के साथ बातचीत करेंगी और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मुंजपारा महेंद्रभाई की उपस्थिति में उन्हें बधाई देंगी।
11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुरस्कार पाने वालों में छह लड़के और पांच लड़कियां हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक, 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इस वर्ष प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश के 11 बच्चों को अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने के लिए दिया जाएगा। इनमें शामिल बच्चे इन प्रमुख क्षेत्रों से शामिल हैं-
कला और संस्कृति से 4 बच्चे
बहादुरी से 1
नवाचार से 2 बच्चे
समाज सेवा से 1 और खेल से 3 बच्चे शामिल हैं।
केंद्र सरकार बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देती है। यह पुरस्कार 5-18 आयु वर्ग के बच्चों को कला और संस्कृति, बहादुरी, इनोवेशन, शैक्षिक, सामाजिक सेवा और खेल में उनकी उत्कृष्टता के लिए दिया जाता है, जो राष्ट्रीय मान्यता के योग्य हैं।