Jeevan Raksha Padak: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार (25 जनवरी, 2023) 43 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक सीरीज अवॉर्ड-2022 प्रदान करने की मंजूरी दी है, जिसमें 7 व्यक्तियों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 8 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 28 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। चार पुरस्कार विजेता मरणोपरांत हैं।
जानिए किन परिस्थितियों में दिया जाता है जीवन रक्षा पदक पुरस्कार-
जीवन रक्षा पदक पुरस्कार किसी व्यक्ति को किसी की जान बचाने के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार निम्नलिखित तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है।
सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक: यह उस स्थिति में प्रदान किया जाता है, जब जान बचाने वाले व्यक्ति ने अपनी जान को अत्यधिक खतरनाक परिस्थितियों में डालकर जान बचाने में अदम्य साहस का प्रदर्शन किया हो।
उत्तम जीवन रक्षा पदक: यह पदक उस स्थिति में दिया जाता है, जब जान बचाने वाले व्यक्ति ने अपनी जान को खतरनाक परिस्थितियों में डालकर जान बचाने में साहस और तत्परता का प्रदर्शन किया हो।
जीवन रक्षा पदक: यह पुरस्कार तब दिया जाता है, जब जान बचाने वाले व्यक्ति ने उन परिस्थितियों में जान बचाने में साहस और तत्परता का प्रदर्शन किया हो, जिनमें उसे गंभीर शारीरिक चोटें पहुंचीं हों।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 11 छात्रों को प्रधानमंत्री बाल पुरस्कार से सम्मानित किया था। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में मल्लखंब प्लेयर, हड्डी रोग से पीड़ित एक सिंगर और एक यूट्यूबर भी शामिल था। इसमें आदित्य सुरेश ने हड्डी की बीमारी का पता चलने के बावजूद अपनी सिंगिंग जारी रखी। उन्होंने अब तक कई टीवी चैनलों समेत 500 से ज्यादा कार्यक्रमों में परफोर्म किया। उन्होंने कला और संस्कृति के क्षेत्र में पुरस्कार जीता है। वहीं, इसी क्षेत्र में पुरस्कार पाने वालों में एम गौरवी रेड्डी भी शामिल थे, जो एक डांसर हैं और उन्होंने विभिन्न प्लेटफार्मों पर शास्त्रीय नृत्य किया।
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने मंगलवार (24 जनवरी, 2023) को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) विजेताओं के साथ बातचीत की थी। बता दें, इस साल बाल शक्ति पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों के तहत देश भर से 11 बच्चों को पीएमआरबीपी-2023 के लिए चुना गया था।
बता दें, गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 2023) में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी को मुख्य अतिथि तौर पर आमंत्रित किया गया। सीसी मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। 24 से 27 जनवरी की आधिकारिक यात्रा पर उनके साथ पांच मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया। जब वह नई दिल्ली पहुंचे, तो पारंपरिक लोक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिसी का गणतंत्र दिवस परेड का मुख्य अतिथि होना “बेहद खुशी” का बात है।