मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के सिविल अस्पताल में मौत की पुष्टि हुई है। बता दें कि प्रतीक यादव सपा मुखिया अखिलेश यादव के छोटे भाई हैं। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, अभी तक उनकी मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है।

प्रतीक यादव की उम्र सिर्फ 38 साल थी। उन्हें सुबह 6 बजे के आसपास लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था। निधन की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को लखनऊ के KGMU अस्पताल ले जाया गया है। प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक का राजनीति से कोई वास्ता नहीं था और वह रियल एस्टेट व फिटनेस के कारोबार से जुड़े थे।

लग्जरी कारों के शौकीन थे प्रतीक

प्रतीक साल 2017 में उस समय चर्चा में आए थे जब वह अपनी लेंबॉर्गिनी कार लेकर निकले थे। दरअसल, लखनऊ की सड़कों पर उनकी नीली रंग की लैंबॉर्गिनी कार खूब दौड़ी थी और विपक्ष ने इसी को लेकर यादव परिवार पर तंज कसा था। प्रतीक यादव ने सफाई देते हुए कहा था कि यह उनका 10 साल पुराना सपना था और उनका सपना 14 दिसंबर 2016 को पूरा हुआ था। प्रतीक ने बताया था कि कारों को लेकर उनका शौक है और वह 10 साल से लैंबॉर्गिनी कार का सपना पाले हुए थे।

राजनीति में नहीं थी दिलचस्पी

उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। एक इंटरव्यू में प्रतीक ने बताया था कि उनकी फिटनेस में काफी रुचि है। वह अपने बिजनेस पर ध्यान देना चाहते हैं।

मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने BJP से जुड़ी हैं। प्रतीक से कई मौकों पर जब राजनीति में होने को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने दो-टूक कहा कि उनकी सियासत में खास दिलचस्पी नहीं है।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक थे मुलायम सिंह यादव

मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी (सपा) की स्थापना की थी। वह 1996 से 1998 तक भारत के रक्षा मंत्री भी रहे। वह 10 बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य (विधायक) और 7 बार लोकसभा सांसद चुने गए।

भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत वर्ष 2023 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया।

जानें कौन थे प्रतीक यादव?

हाल ही में पत्नी अपर्णा यादव के साथ हुए विवाद की वजह से प्रतीक यादव काफी चर्चा में आए थे, लेकिन कुछ ही दिन बाद उन्होंने अपने इस विवाद को लेकर कहा कि था कि अब उनमें और अपर्णा में कोई विवाद नहीं है। साथ ही उन्होंने उस वक्त यह भी कहा था कि जो लोग इस विवाद पर टीका टिप्पणी कर रहे थे, वो लोग भाड़ में जाएं। अपर्णा से प्रतीक यादव की शादी साल 2011 में हुई थी।

प्रतीक यादव-अपर्णा यादव की लव स्टोरी

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार (13 मई 2026) को निधन हो गया है। प्रतीक राजनीति और लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते थे। लेकिन उनकी पत्नी अपर्णा यादव की राजनीति में एंट्री काफी दिलचस्प रही। अपर्णा यादव ने चुनाव भी लड़ा है और मीडिया में खुलकर बात भी करती रही हैं। सपा से बीजेपी में आईं अपर्णा कई मुद्दों पर अपनी राय रखती रही हैं। अपर्णा यादव ने एक इंटरव्यू में प्रतीक से पहली मुलाकात और ‘फिल्मी’ लव स्टोरी के बारे में जिक्र किया था।