मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे के निधन के बाद उनके करीबी दोस्त सुमित का बयान सामने आया है। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में सुमित ने कहा कि प्रतीक यादव को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। प्रतीक यादव की संदिग्ध मौत पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत की जांच उच्च न्यायालय के किसी पूर्व न्यायाधीश से करने की मांग की है।
प्रतीक के दोस्त सुमित ने बताया, ”प्रतीक को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। मैं उनका दोस्त हूं। हम साथ में जिम किया करते थे।” उनके इस बयान के बाद प्रतीक यादव के अचानक निधन को लेकर लोगों के बीच चर्चा और सवाल बढ़ गए हैं।
प्रतीक यादव सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी भाजपा नेता अपर्णा यादव इस वक्त उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक है। उनके भाई और सपा मुखिया अखिलेश यादव, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
संदिग्ध हालत में प्रतीक की मौत
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार सुबह संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। वह 38 वर्ष के थे। उनके शव का लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में मामले की जांच के सवाल पर कहा था कि परिवार जो भी कहेगा, उस हिसाब से काम किया जाएगा।
अस्पताल आने से पहले मौत
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रतीक को तबीयत खराब होने पर सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार प्रतीक को कुछ समय पहले बीमार होने पर यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वह कुछ दिनों में तबीयत ठीक होने पर घर लौट आए थे।
हाल ही में पत्नी अपर्णा यादव के साथ हुए विवाद की वजह से प्रतीक यादव काफी चर्चा में आए थे। लेकिन कुछ ही दिन बाद उन्होंने अपने इस विवाद को लेकर कहा कि था कि अब उनमें और अपर्णा में कोई विवाद नहीं है। साथ ही उन्होंने उस वक्त यह भी कहा था कि जो लोग इस विवाद पर टीका टिप्पणी कर रहे थे, वो लोग भाड़ में जाएं।
क्या करते थे प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव ने यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) से पढ़ाई की। उनका रियल एस्टेट का बिजनेस था और द फिटनेस प्लैनेट नाम से उनका जिम भी है। प्रतीक यादव खुद भी फिटनेस के शौकीन थे। प्रतीक यादव आलीशान जीवनशैली जीते थे और उनके पास कई महंगी लग्जरी कारों का कलेक्शन था। प्रतीक यादव जिम ट्रेनर भी रह चुके थे वे डॉग लवर भी थे। इसलिए उन्होंने जीव आश्रय फाउंडेशन भी खोला था।
प्रतीक-अपर्णा की लव स्टोरी
2011 में हुई प्रतीक-अपर्णा की शादी हाई-प्रोफाइल थी और काफी सुर्खियों में रही थी। दोनोंं ने एक-दूसरे को 11 साल डेट किया था। अपर्णा-प्रतीक की दो बेटियां हैं। अपर्णा यादव ने एक इंटरव्यू में प्रतीक से पहली मुलाकात और ‘फिल्मी’ लव स्टोरी के बारे में जिक्र किया था।
