बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत हासिल की है। बांकीपुर सीट बीजेपी का गढ़ है और यहां 30 साल से उसका कब्जा था।
बांकीपुर की जीत के साथ ही जंतर-मंतर और झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन, जन सुराज पार्टी की ओर से किए गए वादों, पार्टी का विजन सहित कई मुद्दों पर प्रशांत किशोर ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में बात की है।
चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर से जब यह पूछा गया कि दिल्ली और रांची के विरोध प्रदर्शन और बांकीपुर और दतिया में बीजेपी की हार से क्या संकेत मिलता है, तो किशोर ने कहा कि हालांकि यह घटनाएं सीधे एक-दूसरे से जुड़ी नहीं हैं लेकिन जंतर-मंतर और झारखंड के प्रदर्शन से कोचिंग संस्थान माफिया और पेपर लीक होने जैसे बड़े मुद्दे सामने आए हैं।
किशोर ने कहा कि पहले कभी-कभार ही पेपर लीक होता था लेकिन आजकल ऐसा होना आम बात हो गई है। किशोर ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने व्हाइट कॉलर जॉब करने वालों पर दबाव बढ़ा दिया है।
किशोर बोले- युवाओं में है नाराजगी
प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की वजह से युवाओं में बहुत नाराजगी है और जंतर-मंतर पर जो हुआ और झारखंड में जो हो रहा है, वह इसी नाराजगी के रूप में सामने आया है और आगे भी आएगा।
इस सवाल के जवाब में कि भाजपा बांकीपुर में क्यों हारी, प्रशांत किशोर ने कहा कि इस सीट पर Gen-Z के विरोध प्रदर्शन का कोई असर नहीं था और बीजेपी स्थानीय वजह से यह चुनाव हारी है।
किशोर ने कहा कि सम्राट चौधरी को एनडीए के चेहरे के तौर पर सभी लोग स्वीकार नहीं करते और इसके पीछे वजह उनका राजनीतिक ट्रैक रिकॉर्ड, शैक्षणिक योग्यता आदि हैं।
हार के लिए जिम्मेदार हैं सम्राट चौधरी
किशोर ने कहा कि अगर उनसे पूछा जाए कि बीजेपी की हार की सबसे बड़ी वजह क्या है तो उन्होंने कहा कि वह इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने कहा कि पहले बांकीपुर में लोग आरजेडी चीफ लालू प्रसाद के खिलाफ बीजेपी के पक्ष में वोट देते थे लेकिन इस बार मतदाताओं को जन सुराज पार्टी और प्रशांत किशोर के रूप में भरोसेमंद विकल्प दिखाई दिया।
इस सवाल के जवाब में कि क्या जन सुराज पार्टी की पहली जीत बिहार में वैकल्पिक राजनीति की शुरुआत है, किशोर ने कहा कि लंबे समय से वोटर भाजपा के डर से आरजेडी का समर्थन करते रहे हैं और आरजेडी के डर से भाजपा या एनडीए का लेकिन इस सिलसिले को रोकना होगा। उन्होंने कहा कि जनता को वास्तविक विकल्प मिलना चाहिए।
किशोर ने कहा, “पिछले चुनावों में मतदाताओं ने हमारा साथ नहीं दिया लेकिन बांकीपुर में उन्होंने हम पर भरोसा जताया। अब, अन्य विधायकों से बेहतर प्रदर्शन करना हमारी जिम्मेदारी है।”
नौकरियों का वादा कैसे पूरा करेंगे?
जब किशोर से पूछा गया कि बांकीपुर के लिए आपकी क्या योजना है और आप वहां के लोगों से किया गया 10,000 नौकरियों का वादा कैसे पूरा करेंगे?, किशोर ने कहा कि पहला, वह यह तय करेंगे कि राशन कार्ड धारकों को पूरा 5 किलो मुफ्त राशन मिले, न कि अभी की तरह 4 किलो लेकिन राशन कार्ड बनवाने के लिए किसी को रिश्वत न देनी पड़े, यह तय करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
दूसरा, अगर स्थानीय सरकारी स्कूलों में शिक्षा एक साल के अंदर ठीक नहीं होती है तो जन सुराज पार्टी इन स्कूलों के बच्चों को अपने खर्च पर प्राइवेट स्कूलों में भेजेगी।
किशोर ने कहा, “मैंने वादा किया है कि लगभग 10,000 परिवारों में कम से कम एक सदस्य को रोजगार मिलेगा। मैं सरकारी नौकरियों का वादा नहीं कर रहा हूं। मेरी कोशिश होगी कि लोगों को उनकी एजुकेशन और व्यावसायिक कौशल के आधार पर सही रोजगार मिले।
…बाकी 242 विधायकों पर बनेगा दबाव
किशोर ने कहा, “अगर एक विधायक भी ऐसा कर पाता है, तो इससे बिहार के बाकी 242 विधायकों पर भारी दबाव बनेगा। मैं बांकीपुर की जनता को एक बात का भरोसा दिला सकता हूं कि उन्हें अपने विधायक पर कभी शर्म नहीं आएगी। आने वाले सालों में मेरा मुख्य ध्यान शिक्षा और रोजगार पर ही रहेगा।”
किशोर ने यह भी कहा कि अगर वह अपने वादों को पूरा करने में फेल रहे तो बांकीपुर के लोगों से दोबारा वोट नहीं मांगेंगे लेकिन अगर सफल हुए तो पूरे बिहार से जन सुराज पार्टी का समर्थन करने की अपील करेंगे।
क्या आप भविष्य में कोई राजनीतिक गठबंधन करेंगे, इस सवाल के जवाब में किशोर ने कहा कि उनका ध्यान ऐसी व्यवस्था बनाने पर है जो बिहार में समग्र विकास को बढ़ावा दे, बिहार को फिर से ज्ञान और शिक्षा का केंद्र बनाए और बड़ी संख्या में रोजगार के मौके पैदा करे।
यह भी पढ़ें- ‘जब सत्ता के शीर्ष पर बैठा आदमी ही अपराधी प्रवृत्ति का है तो…’
बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने राज्य में हो रहे अपराध को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को घेरा और कहा कि बिहार में तब तक अपराध मुक्त समाज की बात करना बेईमानी है जब तक सम्राट चौधरी जैसे लोग मुख्यमंत्री रहेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
