बिहार के मुजफ्फरपुर में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान से लेकर हाल के उनके सोना न खरीदने के अपील को लेकर हमला बोला है।

प्रशांत किशोर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पीएम मोदी ने 10 साल पहले स्वच्छता अभियान चलाया था लेकिन अब तक कितनी सफाई हुई। सब झाड़ू लेकर फोटो खिंचवाए और फिर भूल गए।

ऐसे प्रयासों को कोई असर नहीं होने वाला- पीके

जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (पीके) से एक मीडियाकर्मी ने पूछा कि पीएम मोदी के अपील पर पूरे देश भर में नेताओं ने अपने काफिले से गाड़ियों की संख्या घटाई लेकिन बिहार एक बड़े नेता काफिला लेकर चल रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा, देखिए मोदी जी ने आज से 10 साल पहले कहा था कि सभी लोग सफाई अभियान चलाएंगे, अभी तक कितनी सफाई हुई? आपने देखा कि लोग झाड़ू लेकर फोटो खिंचवाए, रील बनवाए और भूल गए। उसी तरह लोग देख रहे हैं कि बिहार के एक मंत्री महोदय ट्रेन से गए और उनको रिसीव करने 10 गाड़ियों का काफिला पटना से गया। तो यह पेट्रोल बचाओ है या पेट्रोल खपाओ (पेट्रोल बर्बादी) है, ये आपको (मीडिया) और जनता को देखना है। इस तरह के प्रयासों को कोई असर नहीं होने वाला है।

दोनों बातें सही नहीं हो सकती- प्रशांत किशोर

उन्होंने आगे कहा, “महत्वपूर्ण सवाल यह है और जनता को यह पूछने की जरूरत है कि जिस मोदी सरकार ने दावा किया कि हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन गए, विश्वगुरु बन गए, पूरी दुनिया में हमारी इज्जत बढ़ गई। वहां ऐसी स्थिति कैसे हो गई कि दो महीने के ईरान-अमेरिका युद्ध से आपके यहां न गैस मिल रहा है, न तेल मिल रहा है, न खाद की व्यवस्था है और जो पहले से है उसे भी मोदी जी कह रहे हैं कि सोना मत खरीदो, खाना मत खाइए, सिलेंडर मत लीजिए, बाहर (विदेश) मत जाइए। तो यह कैसा विकास है, कैसी प्रगति है? दोनों बात तो सही नहीं हो सकती है या तो उन्होंने भारत की तरक्की के बारे में जो बात कही है, वह सच नहीं है; या फिर जो वह अब कह रहे हैं, वह सच नहीं है।”

पीएम मोदी ने की थी अपील

ईरान और अमेरिका-इजरायल के युद्ध के कारण देश में मांग के अनुसार पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में निजी परिवहन के बजाय लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने लोगों से भी सोना न खरीदने की अपील की थी। साथ ही राज्य सरकारों और मंत्रियों से अपने काफिले में कटौती करने को कहा था।

इन मंत्रियों ने उड़ाईं पीएम मोदी के अपील की धज्जियां

इसके मद्देनजर देश भर में मंत्रियों और आम लोगों ने पीएम मोदी की अपील पर गौर किया। लेकिन बिहार के उपमुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री ने अपील की धज्जियां उड़ा दी। बिहार के उपमुख्यमंत्री शनिवार को विजय कुमार चौधरी करीब 200 गाड़ियों के काफिले से जहानाबाद एक कार्यक्रम में पहुंचे। उपमुख्यमंत्री के काफिले में नेताओं, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के वाहन शामिल थे।

इससे पहले मंगलवार को बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने सुर्खियां बटोरने के लिए पटना से जमुई का सफर वंदे भारत ट्रेन में किया। हालांकि पहले ही अपने काफिले की गाड़ियां पटना से जमुई भेज दी थीं। मंत्री के काफिले में करीब 10 गाड़ियां शामिल थी। संजय सिंह को बिहार सरकार ने जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है।

यह भी पढ़ें: विक्रम साहू की बढ़ाई गई सुरक्षा, PM मोदी के साथ वायरल हुए झालमुड़ी विक्रेता को मिल रही थी धमकियां

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झालमुड़ी खरीदने के बाद सुर्खियों में आए विक्रम कुमार साहू को जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद झारग्राम पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें