Delhi Police Detained In Himachal Pradesh: चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर मौजूद शोगी पुलिस चौकी पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के लगभग 15 कर्मियों को हिमाचल प्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। दिल्ली पुलिस की टीम चुपके से इंडियन यूथ कांग्रेस के तीन व्यक्तियों को ले जाने की कोशिश कर रही थी। पूरे दिन इसी तरह का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दोनों पक्षों ने दिन भर की घटनाओं के बारे में विरोधाभासी बयान दिए।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि हिमाचल प्रदेश गई स्पेशल सेल की टीम ने शिमला जिले से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था। वह इंडियन यूथ कांग्रेस के सदस्य थे। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, जब दिल्ली पुलिस की टीम ने उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए शिमला की स्थानीय अदालत में पेश करने की कोशिश की, तो हिमाचल पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
दिल्ली पुलिस के एक सूत्र ने बताया, “अदालत में हमारी टीम को बताया गया कि अदालत के कर्मचारी कानूनी कार्यवाही के लिए उपलब्ध नहीं हैं। स्थानीय (हिमाचल) पुलिस ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों को घंटों तक हिरासत में रखा। उनसे (आरोपी के खिलाफ) एफआईआर की प्रति और ऑपरेशन करने के लिए कोर्ट से लाई गई परमिशन दिखाने को कहा गया।”
दिल्ली पुलिस की टीम को आखिरकार शाम को जाने की इजाजत दी गई, लेकिन उन्हें फिर से शोघी पुलिस चौकी पर रोक दिया गया। दिल्ली पुलिस टीम के एक सूत्र ने बताया, “वहां हमें बताया गया कि हमारे खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है और हमें हिरासत में ले लिया गया।” हालांकि, हिमाचल प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि दिल्ली पुलिस की दो टीमें, जो तीन आईवाईसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के बाद वापस लौटने की कोशिश कर रही थीं, उन्हें शिमला में बस स्टैंड के पास और सोलन जिले के धरमपुर में रोका गया और शिमला डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया।
अधिकारी ने बताया कि एसीपी राहुल विक्रम के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस के 15-20 जवान शाम करीब 7:30 बजे कोर्ट से चले गए, जबकि हिमाचल प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें जाने से मना किया था। हिमाचल प्रदेश के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के जवानों को शाम करीब 8 बजे शिमला के शोघी बैरियर पर हिरासत में ले लिया गया।
शिमला पुलिस ने अपने बयान में क्या कहा?
बुधवार देर रात जारी एक बयान में शिमला पुलिस ने कहा कि चिरगांव पुलिस स्टेशन में दिल्ली पुलिस की टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बयान में कहा गया है, “बुधवार सुबह शिमला पुलिस को सूचना मिली कि सादे कपड़ों में करीब 15 से 20 अज्ञात व्यक्ति वाहनों में आए और कथित तौर पर चिरगांव के मंडली इलाके में एक रिसॉर्ट में ठहरे तीन मेहमानों को जबरन अगवा कर लिया।”
इसमें आगे कहा गया, “आरोपी अपने साथ मेहमानों की एक थार गाड़ी भी ले गए। इसके अलावा, यह आरोप लगाया गया है कि समूह ने शिकायतकर्ता के चांसल रिसॉर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर बिना किसी ज्ञापन या रसीद के हटा दिए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, शिमला पुलिस ने चिरगांव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।”
हिमाचल पुलिस सूत्रों के अनुसार, शोघी बैरियर पर एसीपी विक्रम और शिमला पुलिस अधिकारियों के बीच बहस छिड़ गई। हिमाचल पुलिस अधिकारियों ने एसीपी को बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वे जांच में शामिल हुए बिना नहीं जा सकते, जबकि एसीपी ने जोर देकर कहा कि उनकी टीम ने सभी प्रक्रियाओं का पालन किया है।
हिमाचल पुलिस ने हमें किस हैसियत से हिरासत में लिया- एसीपी विक्रम
एसीपी विक्रम ने इंडियन एक्सप्रेस को फोन पर बताया, “मुझे नहीं पता कि हिमाचल पुलिस ने हमें किस हैसियत से हिरासत में लिया है। तीन संदिग्धों में से दो सीधे तौर पर शर्टलेस प्रोटेस्ट में शामिल थे, जबकि एक साजिश में शामिल था।” हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा, “जब एक राज्य की पुलिस किसी संदिग्ध को गिरफ्तार करने के लिए दूसरे राज्य जाती है तो एक प्रक्रिया होती है। हमें बताया गया कि दिल्ली पुलिस ने उस प्रक्रिया का पालन नहीं किया। इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है।”
पुलिस टीम के साथ मौजूद दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम हिमाचल पुलिस के साथ कोऑर्डिनेट कर रहे हैं। हम तीनों इंडियन यूथ कांग्रेस संदिग्धों को आज रात दिल्ली ले जाएंगे।” दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में आईवाईसी अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत आठ लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया, क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि एआई समिट हंगामे के मामले में हुई मंगलवार (24 फरवरी 2026) सुबह दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
