पीएम मोदी के इस भरोसेमंद अफसर ने जॉइन की भाजपा, उत्तर प्रदेश सरकार में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
सार्वजनिक डोमेन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, अरविंद कुमार शर्मा अक्टूबर 2001 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी के सचिव नियुक्त हुए थे।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अफसर अरविंद कुमार शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ में भाजपा जॉइन कर ली। यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। माना जा रहा है कि शर्मा यूपी सरकार में अहम पद संभाल सकते हैं। भाजपा उन्हें विधान परिषद चुनाव में भी उम्मीदवार बना सकती है।
कौन हैं अरविंद कुमार शर्मा?: अरविंद कुमार शर्मा उत्तर प्रदेश के ही मऊ जिले के मूल निवासी हैं। वे भूमिहार जाति के हैं और पिछले दो दशकों से भाजपा शासित प्रदेश और केंद्र सरकार में सेवाएं दे रहे हैं। बता दें कि अरविंद शर्मा भाजपा में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में सेवाएं दे रहे थे। उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे संबंध माने जाते हैं।
सार्वजनिक डोमेन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, अरविंद कुमार शर्मा अक्टूबर 2001 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी के सचिव नियुक्त हुए थे। अपने वाइब्रेंट गुजरात अभियान के जरिए उन्होंने गुजरात में निवेश जुटाने में काफी मेहनत की और मोदी के खास अधिकारियों में जगह बनाई। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी ने शर्मा को अफने साथ ही रखा और 2020 के मध्य तक उनकी पीएमओ में सेवाएं लीं। अप्रैल 2020 में शर्मा मध्यम और लघु उद्योग के मंत्रालय से सचिव के तौर पर रिटायर हुए। यहां भी उन्हें समय पर काम पूरा करने वाले अधिकारी के तौर पर जाना जाता रहा है।
यूपी में होने हैं विधान परिषद की 12 सीटों पर चुनाव: उत्तरप्रदेश की 12 विधान परिषद सीटों के लिये 28 जनवरी को मतदान होना है और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है। भाजपा ने अब तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। वहीं, समाजवादी पार्टी बुधवार को अपने दो प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। हालांकि, शर्मा विधान परिषद चुनाव लड़ेंगे या नहीं इस पर पार्टी के किसी नेता का बयान नहीं आया है।
इस बीच भाजपा में शामिल होने के बाद शर्मा ने रिपोर्टरों से कहा कि उन्हें पार्टी में शामिल होकर काफी खुशी हुई है और वे लोक कल्याण के लिए काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को उनके प्रशासनिक अनुभव का काफी फायदा मिलेगा।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।