पीएम नरेंद्र मोदी मोदी शुक्रवार सुबह कोलकाता में गंगा नदी के तट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद नाविकों और आम लोगों से भी मुलाकात की। इस बारे में पीएम नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट कर जानकारी दी।
पीएम नरेंद्र मोदी ने गंगा नदी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “हर बंगाली के लिए, गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। कोई कह सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है।”
उन्होंने आगे कहा, “आज सुबह कोलकाता में, मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया- यह मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था। साथ ही, मुझे नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत करने की प्रवृत्ति सचमुच सराहनीय है; और सुबह सैर करने वालों से भी मुलाकात हुई।”
बंगाल में पहले चरण में हुआ रिकॉर्ड तोड़ मतदान
गुरुवार को पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीट पर वोट डाले गए। चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 92.88% वोट डाले गए। बीजेपी और टीएमसी दोनों ही पार्टियों ने इसे अपने-अपने पक्ष में बताया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “यह आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल में दर्ज अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है।”
चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 के विधानसभा चुनावों के दौरान 84.72 प्रतिशत रहा था। ज्ञानेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को हुए मतदान में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही, जिसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत 92.69 रहा, जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 90.92 रहा। तीसरे लिंग के मतदाताओं का प्रतिशत 56.79 रहा।

भारी मतदान पर बीजेपी और टीएमसी ने अपने पक्ष में निर्णायक जनादेश मिलने की उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नदिया जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदान को ”परिवर्तन के लिए भारी जनादेश” बताया और दावा किया कि चुनाव संबंधी हिंसा पिछले पांच दशकों में सबसे कम रही। हालांकि सत्तारूढ़ टीएमसी ने प्रधानमंत्री के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उच्च मतदान प्रतिशत दर्शाता है कि ”लोगों में यह डर है कि अगर वे मतदान नहीं करेंगे, तो वे अपना मताधिकार और नागरिकता खो सकते हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘झालमुड़ी मैंने खाई लेकिन झाल TMC को लगी’, पीएम मोदी बोले- चार मई को सभी को बांटी जाएगी
पीएम नरेंद्र मोदी ने बंगाल में एक रैली में कहा, “…चार मई को बंगाल में भी बीजेपी की विजय का जश्न होगा। मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। वैसे मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों ने झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुंड़ी मैंने खाई, लेकिन झाल टीएमसी को लगी है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
