पीएम नरेंद्र मोदी ने आज ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री को पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर इस बातचीत की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैंने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेजेशकियन से बात की। मैंने वार्ता में हुई प्रगति का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी। मैंने भारत और विश्व के लिए होर्मुज जलमार्ग में नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व को दोहराया।”

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के एक बयान के अनुसार, पीएम ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के साथ ही नेविगेशन और व्यापार की आजादी की सुरक्षा के लिए लगातार कोशिशें करने की जरूरत पर जोर दिया। पीएम मोदी ने भारत के इस रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।

भारत ने संयम बरतने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरानी नेता के साथ बातचीत में उन्होंने भारत और दुनिया के लिए होर्मुज जलमार्ग (Strait of Hormuz) में आवाजाही की स्वतंत्रता के महत्व को फिर से दोहराया। भारत ने लगातार संयम बरतने का आह्वान किया और यह कहा है कि क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान का एकमात्र कारगर मार्ग संवाद ही है। भारत ने महत्वपूर्ण वैश्विक समुद्री परिवहन मार्गों, विशेष रूप से होर्मुज जलमार्ग को खुला रखने के महत्व पर भी बार-बार बल दिया है।

ईरानी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को भेजा निमंत्रण

फोन पर यह बातचीत राष्ट्रपति पेजेशकियन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के कुछ दिनों बाद हुई। खबरों के मुताबिक, सरकार बिहार के गवर्नर अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा को भारत के प्रतिनिधि के तौर पर इन समारोहों में भेजने की योजना बना रही है। अंतिम संस्कार के कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई 2026 तक होंगे।

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने दोहा में बैठक का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक का अनुरोध किया है। वहीं, दूसरी ओर ईरान के एक शीर्ष वार्ताकार ने कहा कि फारस की खाड़ी में हुए हालिया हमले के बाद आगे वार्ता का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बैठक मंगलवार को कतर के दोहा में होगी लेकिन ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार काजिम ने वार्ता का कोई कार्यक्रम निर्धारित होने से इनकार किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें