प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में एक जनसभा के दौरान बिना नाम लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, “बनासकांठा का आलू आज विश्व प्रसिद्ध है और कोई बनासकांठा वाले को आकर नहीं कहेगा कि मैं आलू का सोना बनाऊंगा… वह कहेंगे कि मैं पहले से बनाता हूं।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी वीडियो क्लिप
कुछ साल पहले राहुल गांधी की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। वीडियो क्लिप को लेकर दावा किया गया था कि राहुल गांधी ने इसमें यह कहा है कि वह एक तरफ से आलू डालेंगे और दूसरी तरफ से सोना निकलेगा। राहुल गांधी तब गुजरात के पाटन में आयोजित कांग्रेस की रैली को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस ने कहा था कि राहुल गांधी के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था।
पीएम मोदी ने इससे पहले बनासकांठा जिले के भीलड़ी में ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
जनता की सेवा में जुटा रहूंगा- मोदी
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें देश पर संकट आने पर खुशी होती है। मोदी ने कहा, ”ईरान युद्ध के बाद उन्होंने अफवाहें फैलाईं कि किसानों को खाद नहीं मिलेगी और लोगों को एलपीजी नहीं मिलेगी क्योंकि वे मोदी को बदनाम करना चाहते थे।”
मोदी ने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। मोदी का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उस टिप्पणी के कुछ दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था, ”मोदी का बाप भी जाएगा।”
किसानों को दिए 4.5 लाख करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है और उन्हें मजबूत बनाया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत छोटे किसानों को 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।
यह भी पढ़ें- टाटा को ‘आपराधिक तरीके’ से बर्बाद किया जा रहा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि टाटा को ‘आपराधिक तरीके से बर्बाद’ किया जा रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
