PM Narendra Modi 25 Years Public Life: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर कहा कि देश ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम में उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, “वी विल डू इट।”
उन्होंने कहा कि देश के लोगों के साथ मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आराम का समय नहीं है, खुद को खपा देने का समय है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब उन्होंने नहीं सोचा था कि सार्वजनिक जीवन में एक दिन 25 वर्ष पूरे होने का पड़ाव भी आएगा। उन्होंने कहा कि आज सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। उन्होंने इसे जनता के लगातार मिल रहे आशीर्वाद का परिणाम बताया और भाजपा, एनडीए तथा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह आज जो कुछ भी हैं, उसमें सबसे बड़ा योगदान जनता का है। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए उनकी प्रार्थना है कि ईश्वर उन्हें और अधिक शक्ति दे, ताकि वह देश की सेवा के लिए पहले से अधिक ऊर्जा के साथ काम कर सकें।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा है। मोदी ने कहा, “देश ने मुझे बहुत कुछ दिया है। इसलिए देश ही मेरे लिए सबकुछ है।” उन्होंने कहा कि 25 साल का जनविश्वास और अनुभव उनकी बड़ी पूंजी है और यह पूंजी देश की है।
प्रधानमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि सीखने की ललक आज भी उनके जीवन का हिस्सा है और वह खुद को विद्यार्थी मानते हैं। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर कृतज्ञता का भाव आता है। उनके मुताबिक, जीवन की हर घटना ने उन्हें कुछ सिखाया। विरोध ने लोकतंत्र की शक्ति समझाई, संकट ने धैर्य की परीक्षा ली और उपलब्धियों ने बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ने का सामर्थ्य दिया।
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं, उनके जन्मदिन पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का समापन बुधवार को उनके गृह नगर वडनगर में होगा।
यह भी पढ़ें: ‘रोज का ड्रामा बंद करो और मोदी से सीखो…’, EC के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के सांसदों के विरोध प्रदर्शन को बीजेपी ने ‘ड्रामा’ करार दिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ ‘रोज का यह ड्रामा’ बंद करना चाहिए और इसके बजाए काम के आधार पर जनता का जनता का विश्वास और जनादेश हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
