प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस नेताओं पर खतरनाक बयानबाजी करके मध्य पूर्व में रहने वाले भारतीयों के जीवन को खतरे में डालने का आरोप लगाया। चुनाव वाले केरलम राज्य के तिरुवल्ला में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि खाड़ी देश अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच भारत को अपना दुश्मन मानें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि वेस्ट एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझ लें। हम यहां ऐसा कोई बयान दे दें और गल्फ कंट्री से भारतीयों को बाहर निकाल दिया जाए। इसलिए कांग्रेस गल्फ कंट्री को नाराज करने वाले बयान दे रही है। कांग्रेस चाहती है कि पैनिक फैले और उसे मोदी को गाली देने का मौका मिल जाए। अरे, राजनीति अपनी जगह है, चुनाव आते-जाते रहेंगे। मेरे लिए केरल के लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ा काम है और मैं इसके लिए प्रतिबद्ध हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिमी एशिया के युद्ध संकट ने कांग्रेस और उसके साथी दलों के मंसूबों को उजागर कर दिया है। आज पूरा देश देख रहा है कि खाड़ी देशों में कैसे हालात बने हैं, और वहां हमारे लाखों लोग, केरल के हमारे भाई-बहन काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं, जिससे पश्चिमी एशिया में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाए।

मोदी ने कहा कि वो तो हमारी दोस्ती अच्छी है कि गल्फ की सभी सरकारें हमारे सभी भारतीयों को अपना ही परिवार मानकर रक्षा कर रही हैं, लेकिन यहां से ऐसी-ऐसी भाषा बोली जा रही है। मैं उनको कहकर थक गया कि ये बोलने का समय नहीं है। वहां रह रहे हमारे लाखों भाई-बहनों की सुरक्षा ही हमारा दायित्व है। इसलिए अनाप-शनाप बोलना बंद करो ताकि हमारे नौजवानों को, हमारी बेटियों को वहां कोई तकलीफ न हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध की इन परिस्थितियों में मैं आपकी चिंता समझता हूं, इसलिए खाड़ी देशों के नेताओं से मैं लगातार संपर्क में हूं, वहां की सरकारों से हम लगातार बात कर रहे हैं। मैं आप सभी परिजनों को आश्वस्त करता हूं कि आपका बेटा, आपकी बेटी, आपके परिजन भले ही आपसे दूर हों लेकिन वे अकेले नहीं हैं, भारत सरकार इन देशों में रह रहे हर भारतीय के साथ है। युद्ध के बीच भी हम भारत के लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए, मोदी को गाली देने के लिए कांग्रेस एक करोड़ प्रवासियों का जीवन संकट में डालने को तैयार बैठी है। उधर ईरान में हमारे मछुआरे केरल के हैं, तेलंगाना के हैं, गोवा के हैं, पांडुचेरी के हैं, उनकी जिंदगी खतरे में है। हम वहां के संकट से उनको बाहर ला रहे हैं, आज सैकड़ों की तादाद में हमारे मछुआरे भाई-बहन भारत लौटने वाले हैं। हमारे लिए उनकी जिंदगी महत्वपूर्ण है। बयानबाजी के बहुत मौके आएंगे, अभी तो हमारे मछुआरे भाई-बहनों को जिंदा वापस लाना है। कांग्रेस को इन सबसे कोई लेना-देना नहीं है। बस चुनाव, चुनाव, चुनाव… क्या देश के लोगों की चिंता नहीं करोगे?

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA की नीतियों का सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को होता है। महिलाओं का सशक्तिकरण, महिलाओं का प्रतिनिधित्व हमारी प्राथमिकता है। हमने महिलाओं के जीवन से जुड़ी हर समस्या के समाधान का प्रयास किया है। हमने घर-घर शौचालय बनवाए, जनधन खाते खुलवाए, उनके घर महिलाओं के नाम पर बनवाए। मुद्रा लोन के जरिए अपना खुद का कारोबार शुरू करने वालों में बड़ी हिस्सेदारी महिलाओं की है, लखपति दीदी का अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि नॉर्थईस्ट में एक राज्य को छोड़कर भाजपा-एनडीए की सरकार है और वहां पिछले 50-60 साल में जो काम नहीं हुआ, वो हमने करके दिखाया है। गोवा में लगातार भाजपा-एनडीए की सरकार है, गोवा विकास की नई ऊंचाई को छू रहा है। केरलम में भी एनडीए की सरकार बनेगी तो विकास की नई ऊंचाइयों को पाएंगे। स्थानीय किसानों और मछुआरों की हर समस्या का समाधान हम करेंगे।

‘घायल हूं, इसीलिए घातक हूं’, राघव चड्ढा ने फिर जारी किया वीडियो, AAP के तीन आरोपों का दिया जवाब

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने फिर से एक वीडियो जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि कल से मेरे खिलाफ स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है। जिसमें एक जैसी भाषा, एक जैसी बातें और एक जैसे आरोप हैं। उन्होंने कहा कि एक कोई संयोग नहीं, बल्कि कोऑर्डिनेटेड अटैक है। पहले मैंने सोचा इसका जवाब मुझे नहीं देना चाहिए, फिर लगा एक झूठ को सौ बार बोला जाए तो कहीं लोग मान न लें। इसलिए मैंने सोचा जवाब दूं। पढ़ें पूरी खबर।