प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी के निशाने पर टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रहीं। पीएम मोदी ने कहा कि आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है।

पीएम मोदी ने कहा, “ब्रिगेड मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है – चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार!”

TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा, “कल टीएमसी ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए। लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। वो दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा, जो अत्याचार करेगा, TMC के किसी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा। यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और NDA के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है।”

पीएम मोदी ने कहा कि श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी, भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि एक समय बंगाल पूरे भारत को गति देता था, बंगाल व्यापार और उद्योगों में सबसे आगे था लेकिन आज यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल पा रहा है।

‘किसानों से झूठे वायदे TMC की पहचान’

पीएम मोदी ने कहा कि आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। उन्होंने कहा, “देशवासियों को मुफ्त बिजली देने के लिए हमने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। केंद्र की भाजपा सरकार इसके लिए हर लाभार्थी को 75 से 80 हजार रुपये देती है। जो लाभार्थी इस योजना से जुड़ता है, उसके घर का बिजली बिल जीरो हो जाता है। लेकिन, बंगाल सरकार इसे भी लागू नहीं होने दे रही। ये TMC सरकार अपनी स्वार्थी राजनीति की वजह से यहां आयुष्मान भारत योजना को भी लागू नहीं कर रही है। देश भर के करोड़ों लोग इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ उठा रहे हैं। ये लाभ आप सबको भी मिलना चाहिए। लेकिन बंगाल के परिवारों को इस योजना के अधिकार से भी TMC सरकार ने वंचित रखा है। आज बंगाल के किसान की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। किसानों से झूठे वायदे और सरकारी खरीद में घोटाला ही TMC की पहचान बन गया है।” पढ़ें विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ममता सरकार ने बनाए 5 विकास बोर्ड

(यह भी पढ़ें- स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं- पेट्रोलियम मंत्रालय)

केंद्र सरकार ने शनिवार को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर फैली आशंकाओं को शांत करने की कोशिश की। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि खुदरा दुकानों पर स्टॉक खत्म होने की कोई भी घटना सामने नहीं आई है, पेट्रोल और डीज़ल भरपूर मात्रा में उपलब्ध हैं। पढ़ें पूरी खबर