प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में बीजेपी मुख्यालय में भाजपा के नव नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम से मुलाकात की और उनके साथ एक समूह तस्वीर खिंचवाई। जिसकी तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की। पीएम मोदी ने कहा कि संगठनात्मक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नए दृष्टिकोण का मंच होती हैं।

पीएम मोदी ने नई संगठनात्मक टीम और पार्टी के सहयोगियों के साथ हुई बातचीत को शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद पार्टी के कामकाज को नई दिशा देने और लोगों के साथ संपर्क को और गहरा करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं, जिनका मकसद पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को गहरा करना होता है। पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई!’

यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी और नवगठित राष्ट्रीय टीम के बीच पहली परिचयात्मक बातचीत थी, जो पदाधिकारियों के नए कार्यकाल की शुरुआत का प्रतीक है।

यह बैठक भाजपा द्वारा पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की घोषणा के कुछ दिनों बाद हुई। नई टीम में 51 नए चेहरे शामिल हैं और यह 2015 के बाद पार्टी में इस स्तर का पहला बड़ा संगठनात्मक फेरबदल है, जब अमित शाह भाजपा अध्यक्ष थे।

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और आरएसएस के पूर्व पदाधिकारी राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पार्टी के आठ राष्ट्रीय महासचिवों में शामिल हैं।

बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है। साथ ही विनोद तावड़े और सुनील बंसल भी महासचिव के रूप में बने रहेंगे। महासचिव टीम में बिप्लब कुमार देब, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया भी शामिल हैं।

नई टीम में 12 महिलाएं और अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेता शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में पुनः नियुक्त किया गया है। वे 2014 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले भी इस पद पर रह चुके हैं।

राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया गया है। गुजरात के हेमांग जोशी युवा मोर्चा का नेतृत्व करेंगे, जबकि छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा की अगुवाई करेंगी।

भाजपा सांसद अनिल बलूनी मीडिया संयोजक के रूप में बने रहेंगे, जबकि आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव सह-संयोजक होंगे। छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिन की शुरुआत में नितिन नबीन ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जमीनी स्तर पर संपर्क मजबूत करने की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए नव नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक की।

राहुल गांधी के कार्यक्रम में गूंजा महिला पहलवानों का मुद्दा, छात्रा बोली- उनके गुनहगारों को जाने दिया गया तो हम…

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पहुंचे। उनके इस कार्यक्रम में केवल सिर्फ लड़कियां शामिल हुईं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि देश की लड़कियों को आजाद होना जरूरी है। उन्होंने लड़कियों पर हो रही हिंसा पर भी की। साथ ही उन्होंने कहा कि लड़कियों को पिता, पति और बेटों के साथ एक अदृश्य डोर से बांध दिया गया है, लेकिन उनकी पहचान इन रिश्तों से तय नहीं होती। पढ़ें पूरी खबर।