PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की इजरायल यात्रा पर रवाना हुए हैं। 9 साल बाद यह उनकी दूसरी इजरायल यात्रा है। वे इजरायल की संसद को भी संबोधित करेंगे। दूसरी ओर अपने देश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस लगातार पीएम मोदी की इजरायल यात्रा पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने उम्मीद जताई कि पीएम मोदी वहां अपने संबोधन में गाजा के बच्चों की मौत का जिक्र जरूर करेंगे।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे आशा है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इज़राइल की अपनी आगामी यात्रा के दौरान संसद को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का उल्लेख करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। भारत ने एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपने पूरे इतिहास में सत्य का साथ दिया है, हमें दुनिया को सत्य, शांति और न्याय का प्रकाश दिखाते रहना चाहिए।”

कांग्रेस ने बताया ‘नैतिक कायरता’

दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय इजरायल यात्रा को लेकर जोरदार हमला बोला और कहा कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना कर रही है, तब पीएम मोदी का अपने ‘प्रिय मित्र’ से मिलना नैतिक कायरता को दर्शाता है।

इस मामले में कांग्रेस महासचिव (मीडिया प्रभारी) जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने इजरायली समकक्ष को बेशर्मी से गले लगा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नेतन्याहू पर गाजा को मलबे और धूल में तब्दील करने के साथ ही कब्जे वाले वेस्ट बैंक में अवैध बस्तियों के विस्तार की साजिश रचने का आरोप लगाया।

जयराम रमेश ने याद दिलाया भारत का ऐतिहासिक रुख

इतना ही नहीं, जयराम रमेश ने मोदी सरकार को भारत के ऐतिहासिक रुख की याद दिलाते हुए कुछ प्रमुख घटनाओं का जिक्र किया। इसमें 20 मई 1960 का उल्लेख किया, जब पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने गाजा का दौरा किया था और वहां तैनात संयुक्त राष्ट्र आपातकालीन बल की भारतीय टुकड़ी से मुलाकात की थी।

इसके अलावा उन्होंने 29 नवंबर 1981 का भी उल्लेख किया जब भारत ने फिलिस्तीन के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए एक स्मारक डाक टिकट जारी किया था। इसके अलावा उन्होंने फिलिस्तीन को मान्यता मिलने की 1988 की घटना का भी जिक्र किया।

यह भी पढ़ें: हेक्सागन गठबंधन क्या है, जिस पर पीएम मोदी का साथ चाहते हैं नेतन्याहू; पाकिस्तान में खलबली

India-Israel Hexagon Alliance | pm modi israel visit
India-Israel Hexagon Alliance: पीएम मोदी की इजरायल यात्रा पर है दुनियाभर की नजर (Source: Reuters)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा दो देशों के कूटनीतिक रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों देश सुरक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर समझौते कर सकते हैं लेकिन इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की प्लानिंग से मिडिल ईस्ट में हलचल मच गई है। उन्होंने पीएम मोदी के इस दौरे को ‘कट्टरपंथी ताकतों’ के खिलाफ एक नए रणनीतिक गठजोड़ की दिशा में बड़ा कदम बताया। उनके बयान के केंद्र में हेक्सागन गठबंधन है, जिस पर पीएम मोदी और नेतन्याहू मुलाकात के दौरान चर्चा कर सकते हैं… क्लिक करके पढ़िए पूरी खबर