प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया और समाजवादी पार्टी पर निशाना भी साधा।
पश्चिम एशिया में युद्ध पर क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है। इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े।संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है।”
सपा पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं। मैंने कहा मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।”
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की खासियत?
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है और एयरपोर्ट के पहले चरण को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग 11,200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से विकसित किया गया है। पहले चरण में 6,876 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, जबकि राज्य ने भूमि अधिग्रहण पर 4,406 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
हवाई अड्डे के पूरी तरह से चालू होने के बाद उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा जिसके पास पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होंगे। इससे जेवर उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में स्थापित हो जाएगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की शुरुआती यात्री संचालन क्षमता 1.2 करोड़ यात्री प्रति वर्ष (एमपीपीए) होगी, जिसे पूर्ण विकास के बाद 7 करोड़ यात्री प्रति वर्ष तक हो जाएगा।
(यह भी पढ़ें- 24 साल बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सपना हो रहा साकार)
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्य और संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। यह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आइजीआइ) पर भीड़भाड़ कम करेगा। पढ़ें पूरी खबर
