India-USA Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का फ्रेमवर्क जारी कर दिया गया है, जो न केवल ग्लोबल टैरिफ वॉर (Global Tariff War) को खत्म करने वाला माना जा रहा है, बल्कि उम्मीद ये भी है कि इससे द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों में मजबूती आएगी। फ्रेमवर्क जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narnedra Modi) की प्रतिक्रिया सामने आई है। इसमें उन्होंने व्यापारिक समझौतों से भारत को होने वाले फायदे भी गिनाए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ (Make in India) अभियान को मजबूत करेगा।
अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील पर पीएम मोदी ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी और एक पोस्ट में लिखा, “भारत और अमेरिका के लिए खुशखबरी! हम दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो गए हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रम्प को हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूं। यह ढांचा हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है।
‘मेक इन इंडिया को मजबूत करेगा समझौता’
पीएम मोदी ने लिखा, “यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप नवप्रवर्तकों, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूत करता है। इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा। भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह ढांचा हमारे बीच निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को और गहरा करेगा।”
ये भी पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से राहत की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “यह ढांचा लचीली और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को भी मजबूत करेगा और वैश्विक विकास में योगदान देगा। जैसे-जैसे भारत एक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम भविष्योन्मुखी, अपने लोगों को सशक्त बनाने वाली और साझा समृद्धि में योगदान देने वाली वैश्विक साझेदारियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
ये भी पढ़ें: एक हफ्ते में टैरिफ घटकर 18% होने पर सहमति
पीयूष गोयल ने दी थी ट्रेड डील की विस्तृत जानकारी
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने एक्स पर यह पोस्ट केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है। उन्होंने लिखा था कि प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ एक अंतरिम समझौते के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। इससे भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई, किसानों और मछुआरों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार खुल जाएगा। निर्यात में बढ़ोतरी से हमारी महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
पीयूष गोयल ने लिखा था कि इस रूपरेखा के तहत, अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क घटाकर 18% कर देगा, जिससे दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में कपड़ा, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबर प्रोडक्ट्स, होम डेकोर और चुनिंदा मशीनरी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विशाल बाजार अवसर उपलब्ध होंगे। भारत-अमेरिका ट्रेड डील में किन-किन मुद्दों पर अहम समझौता हुआ है? क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर…
