प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शी जिनपिंग के ब्रिक्स में संबोधन के लिए धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स के दौरान चीन से भारत को मिले समर्थन के लिए चीनी राष्ट्रपति का आभार भी जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, एक बार फिर हमें द्विपक्षीय वार्ता करने का अवसर मिल रहा, हम आपका भारत में फिर से स्वागत करते हैं।

अगस्त 2025 में हुई थी मुलाकात

द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने अगस्त 2025 तियानजिन में हुई पिछली मुलाकात के बाद से भारत-चीन के संबंधों में लगातार हुई प्रगति का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने फिर से जोर दिया कि दोनों देशों को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखना चाहिए। मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए।

‘तीन आपसी बातों मिलकर करें काम’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों को तीन आपसी बातों-आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित-को ध्यान में रखकर काम करना चाहिए।

पीएम मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के दौरान चीनी राष्ट्रपति से कहा कि बॉर्डर इलाकों में शांति और स्थिरता दोनों देशों के रिश्तों के लगातार विकास के लिए जरूरी आधार बनी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों को सीमा से जुड़े मुद्दों पर मौजूदा समझौतों और आपसी समझ का पालन करना चाहिए। दोनों नेताओं ने सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और आपसी सहमति वाले समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई, जो उनके समग्र द्विपक्षीय संबंधों के राजनीतिक नजरिए और दोनों देशों के लोगों के दीर्घकालिक हितों पर आधारित हो।

बाजार तक सीधे पहुंच को आसान बनाने पर भी बल- PM

दोनों नेताओं ने लोगों के बीच आपसी संबंधों में हुई प्रगति पर ध्यान दिया और दोनों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, व्यापारिक संबंधों और लोगों की आवाजाही को और बढ़ाने को कहा। आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के मामले में उन्होंने एक-दूसरे की चिंताओं को दूर करने और बाजार तक सीधे पहुंच को आसान बनाने पर भी बल दिया।

वार्ता के दौरान पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति इस बात पर एकमत हुए कि दोनों पक्षों को क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर आपसी सहमति बढ़ानी चाहिए और चुनौतियों का मिलकर सामना करना चाहिए।

चीन और भारत की बड़ी जिम्मेदारियां- शी जिनपिंग

द्विपक्षीय बैठक के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, “उलझे अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देशों और ‘ग्लोबल साउथ’ के अहम सदस्यों के तौर पर चीन और भारत की बड़ी जिम्मेदारियां हैं। दोनों पक्षों को मानवता के भविष्य और अपने लोगों की भलाई को ध्यान में रखते हुए, व्यापक BRICS ढांचे के भीतर उच्च-गुणवत्ता वाले सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।”

आगे कहा, “हमें एक समान और व्यवस्थित बहुध्रुवीय दुनिया और समावेशी और आपसी लाभ वाले आर्थिक वैश्वीकरण की वकालत करनी चाहिए, ताकि विश्व शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने में और अधिक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।”

न्यूज एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग ने चीन और भारत से आग्रह किया है कि वे ब्रिक्स देशों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करें। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, “चीन और भारत एक-दूसरे की खूबियों से सीख सकते हैं और साझा विकास हासिल कर सकते हैं।”

आगे कहा, “चीन भारत के साथ अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नज़रिए से देखता है।”

यह भी पढ़ें: BRICS देशों ने की पहलगाम हमले की निंदा, घोषणापत्र में कहा- आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस

BRICS समिट में सदस्यों ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में BRICS देशों ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की। इसे भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें