Pawan Khera News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का हवाला देते हुए अमेरिका में हर वोटर के लिए फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग की है। इसको लेकर अब कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है।

राज्यसभा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “कृपया ज्ञानेश कुमार गुप्ता को अमेरिका ले जाएं और उन्हें वहीं रखें। हम अपनी ईवीएम भी अगली उपलब्ध फ्लाइट से भेज देंगे।” उन्होंने आगे कहा, “आपने हमें जो भी अपमान और धमकियां दी हैं, उसके बदले में हम इतना तो कर ही सकते हैं। प्यार के साथ, भारत की ओर से।”

ट्रंप ने भारतीय चुनाव प्रणाली का किया जिक्र

बता दें कि ट्रंप ने ‘SAVE अमेरिका एक्ट’ के लिए अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए भारत की चुनाव प्रणाली का जिक्र किया था। यह अमेरिका का एक प्रस्तावित कानून है जिसके तहत वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए नागरिकता का सबूत देना होगा और वोटर की पहचान से जुड़ी जरूरतें लागू होंगी।

ट्रंप ने कहा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने सवाल उठाया था कि बिना वैध फोटो पहचान-पत्र के अमेरिका में चुनाव कैसे हो सकते हैं। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “इस महीने की शुरुआत में, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा, आप बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे करा सकते हैं।”

ट्रंप ने भारत के लोकसभा चुनाव का किया जिक्र

ट्रंप ने भारत के 2024 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि 646 मिलियन से ज्यादा लोगों ने वोट दिया, जबकि 1% से भी कम लोगों ने पोस्टल बैलेट के जरिये वोट डाला। उन्होंने कहा कि हर वोटर के पास पहचान का एक वैध फोटो डॉक्यूमेंट था।

ट्रंप ने इस पोस्ट में जोर देकर कहा कि अब SAVE अमेरिका एक्ट को पास कराना जरूरी हो गया है। यह कानून अमेरिकी नागरिकों के लिए वोटर रजिस्ट्रेशन के समय नागरिकता का सबूत दिखाना अनिवार्य करेगा। व्हाइट हाउस ने ‘SAVE अमेरिका एक्ट’ को समझदारी भरा और दोनों पार्टियों का समर्थन वाला बिल बताते हुए कहा, “अमेरिकी चुनावों का फैसला अमेरिकी नागरिकों को ही करना चाहिए।”

व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

व्हाइट हाउस ने कहा, “अगर आप अमेरिका में वोट देने के लिए रजिस्टर करना चाहते हैं, तो आपको अमेरिका का नागरिक होना जरूरी है।” यह विधेयक 29 जनवरी को पेश किया गया था। ट्रंप लगातार कांग्रेस से इसे मंजूरी देने के लिए दबाव बना रहे हैं, हालांकि डेमोक्रेट और रिपब्लिकन इस कानून को लेकर बंटे हुए हैं। इसी महीने अमेरिकी सीनेट पांच हफ्ते की छुट्टी पर चली गई थी और इस दौरान इस कानून को पास कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका।

यह भी पढ़ें: ‘…तब क्या सनातन धर्म का अपमान नहीं हुआ था’, FIR के बाद राहुल गांधी के बचाव में उतरी कांग्रेस

राम मंदिर के चंदे के कथित दुरुपयोग से जुड़े विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को उनका बचाव करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार आरोपों का समाधान करने के बजाय असली मुद्दे को नजर अंदाज कर रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…