ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत से रिहा कर दिया है। पुलिस ने नेहा बोरा को शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था। जिसके बाद नेहा बोरा की रिहाई को लेकर विपक्षी दलों के कई नेताओं ने उनकी रिहाई को लेकर आवाज उठाई।
रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की हर तरह से धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आम नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है, जैसे वे कोई शातिर अपराधी हों। इस देश में लंबे समय से ऐसा होता आया है।
नेहा ने कहा कि मौजूदा आंदोलन ने साफतौर पर उजागर कर दिया है कि लोगों को कैसे हिरासत में लिया जा रहा है। चाहे दिन हो या शाम, लोगों को हिरासत में लेकर पूरी रात थाने में रखा जाता है और फिर अगली सुबह या शाम को रिहा किया जाता है। आखिर किस अधिकार के तहत ऐसा किया जा रहा है? किस कानून या आदेश के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को पूरी रात थाने में रखा जा सकता है?
उन्होंने सवाल खड़ा किया कि कानूनी तौर पर सूर्यास्त के बाद, खासकर महिलाओं को रिहा कर दिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इसके अलावा, अब अराजकता और अव्यवस्था का एक नया नैरेटिव गढ़ा जा रहा है। कैसी अराजकता और कैसी अव्यवस्था? वह जो आपने सेंट्रल दिल्ली में फैलाई है? दिल्ली के लोग राहत की सांस तक नहीं ले पा रहे हैं। वे काम पर जाने के लिए जिस भी रास्ते से निकलते हैं, उसे बंद पाते हैं।
नेहा बोरा ने कहा कि आप (पुलिस) पूरे देश में अराजकता और अव्यवस्था फैला रहे हैं। कृपया भारत के लोगों को बख्श दीजिए। ज्ञानेश कुमार पर महाभियोग चलाइए और एसआईआर की प्रक्रिया रोकिए, ताकि इस देश के आम नागरिक राहत की सांस ले सकें, सुकून महसूस कर सकें और उनके मतदान के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
नेहा बोरा ने आगे कहा कि पुलिस ने मुझसे मेरा नाम, पता और दूसरी जानकारियां मांगीं। लंबे समय तक उन्होंने मुझे बोलने या किसी कानूनी सलाहकार (वकील) से सलाह लेने तक नहीं दी। हमारे वकील मुझ तक पहुंचने की कोशिश में 5-6 घंटे तक लगे रहे। जब हम किसी तरह उन्हें फोन कर पाए, उसके बाद ही उन्हें मुझसे मिलने की अनुमति दी गई। ये लोग लंबे समय से इसी तरह की हरकतें करते आ रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन करने के लिए भारत आए ध्रुव राठी अब देश छोड़ चुके हैं और लंदन पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का अंतरराष्ट्रीयकरण करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वे लंदन में भारत के निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार का विरोध करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।
