कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, टीवी पर जो दिख रहा है और सोशल मीडिया के कुछ हैंडल पर जंतर-मंतर को दिखाया जा रहा है, वो भारत की कहानी नहीं है।

संबित पात्रा ने कहा, “भारत शांत है, भारत सुशासन के साथ आगे बढ़ रहा है मगर दिल्ली के एक कोने में कुछ अराजक तत्व जिस तरह से अराजकता कर रहे हैं, वो कुछ दिनों से हम देख रहे हैं, मगर आज मैं आपको कह सकता हूं कि आज अराजक तत्वों का जो फेल कार्यक्रम हम देख रहे हैं, वो पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। यह कोशिश थी कि भारत को बंधक बनाया जाए, राजधानी को बंधक बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि कोशिश थी कि यहां आगजनी और मारपीट हो, यहां सड़कों पर लड़ाई हो मगर आज भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई है। जिस तरह लोकतंत्र ने आज दिल्ली में प्रदर्शन किया है और जिस तरह से सारा विषय कंट्रोल में हैं, मैं यह दोहराना चाहता हूं कि अराजकतावादी विफल हो गए और उनका यह कार्यक्रम नहीं चलने वाला है।

संबित पात्रा ने कहा, “कुछ दिन पहले कांग्रेस पार्टी ने बंद का आह्वान किया था। यह कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन था। आज कुछ अन्य तत्वों ने प्रदर्शन किया है। फिर 12 तारीख को प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।

विपक्षी नेताओं के स्टारलिंक पर किए गए ट्वीट पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है। ये वो लोग हैं जो सत्ता के लिए देश को गिरवी भी रख सकते हैं। सड़कों और देश में अराजकता फैलाने की इस कोशिश से यह भी पता चलना चाहिए कि ये लोग बिना चुनाव लड़े, बिना जीते ही सत्ता में आना चाहते हैं। ये बिना मेहनत किए प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, चाहे इसके लिए देश को गिरवी ही क्यों न रखना पड़े। मीर जाफर दोहरे मापदंड अपनाने को तैयार हैं। यह मोदी बनाम मीर जाफर की लड़ाई है।

मनीष सिसोदिया, पिनाराई विजयन और वृंदा करात को हिरासत में लिया गया

दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर हुए प्रदर्शन के दौरान CPI(M) ने आरोप लगाया कि उसके कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्य के पूर्व मंत्री के एन बालगोपाल को हिरासत में लेकर शहर में अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। बाद में उन्हें छत्रसाल स्टेडियम पहुंचाया गया। वाम दलों ने इस प्रदर्शन को समर्थन दिया था। पढ़ें पूरी खबर।