क्या भारत के पास सिर्फ 45 दिन का पेट्रोल-डीजल स्टॉक बचा है? सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम रील तेजी से वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने के बाद भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इस रील में दावा किया जा रहा है कि जल्द ही कीमतें बढ़ सकती हैं इसलिए लोगों को तुरंत अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लेनी चाहिए। हालांकि, भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है। सरकार के अनुसार देश में कच्चे तेल और पेट्रोल, डीजल व एटीएफ सहित प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। PIB Fact Check ने X (Twitter) पर इस वायरल रील के दावे को फैक्ट-चेक किया है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में हो रही उथल-पुथल के बीच भारत सरकार ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि भारत के पास कच्चे तेल और प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है जिससे आपूर्ति पर किसी भी संभावित असर से निपटा जा सके और उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रखे जा सकें।
ईरान-इजरायल युद्ध की पूरी कहानी, कब शुरू हुआ विवाद और अब आगे क्या?
जानकारी के अनुसार-भारत वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों का तीसरा सबसे बड़ा आयातक, चौथा सबसे बड़ा शोधक और पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक है। देश में कच्चे तेल और पेट्रोल, डीजल और एटीएफ सहित प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है जिससे मध्य पूर्व से उत्पन्न होने वाली अल्पकालिक समस्याओं का निदान किया जा सके।
मीडिया को दी गई जानकारी में यह भी बताया गया कि पिछले कुछ सालों में भारत ने ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाकर अपनी आबादी के लिए ऊर्जा की उपलब्धता और सामर्थ्य सुनिश्चित की है। भारतीय ऊर्जा कंपनियों के पास अब ऐसे ऊर्जा स्रोतों (Energy Resources) तक पहुंच है जो होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर नहीं गुजरते। ऐसे कार्गो उपलब्ध रहेंगे और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान आपूर्ति में अस्थायी रूप से होने वाली रुकावटों को दूर करने में मदद करेंगे।
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति पर लगातार नज़र रखने के लिए मंत्रालय ने 24×7 कंट्रोल रूम बनाया है। अभी सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक है। भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लगातार निगरानी के आधार पर, सरकार को उम्मीद है कि यदि आवश्यक हुआ तो स्थिति को और सुधारने के लिए चरणबद्ध तरीके अपनाए जा सकते हैं।
पेट्रोल और डीज़ल की कमी की अफवाहें पूरी तरह निराधार
पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों पर देश की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में से एक भारत पेट्रोलियम ने X पर पोस्ट किया। इस पोस्ट में कहा गया, ”सभी देशवासियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना
कुछ जगहों पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी की अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं। भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही है।
BPCL पूरी तरह परिचालन में है और निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृपया अफवाहों पर विश्वास न करें, पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।”
