पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाये गए हैं। कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा, ”जनता पर ‘महंगाई मैन’ मोदी का हंटर फिर चला। पेट्रोल-डीजल 90 पैसे महंगा कर दिया गया। मोदी ने पिछले 4 दिन में 4 रुपए बढ़ा दिए हैं।”
पार्टी ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया, ”ये तो बस शुरुआत है, महंगाई मैन अभी और वसूली करेगा क्योंकि चुनाव खत्म हो गए।”
आपको बता दें कि ईंधन के दाम बढ़ने के बाद नयी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई जो पहले 97.77 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये हो गई। बीते शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल से अधिक समय में पहली बार तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गयी थी।
चुनाव के दौरान नहीं बढ़े दाम
फरवरी में शुरू हुए ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में तेजी आई है। इसको देखते हुए सरकारी रिटेल पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने बढ़ते नुकसान का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल समेत कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों के बीच ईंधन के दाम स्थिर रखे गये थे। विभिन्न राज्यों में मूल्य वर्धित कर (वैट) में अंतर के कारण ईंधन कीमतें अलग-अलग हैं।
अमेरिका और इजरायल के 28 फरवरी को ईरान पर किए गए हमले और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्ग होर्मुज जलमार्ग के बाधित होने से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि के बावजूद, खुदरा ईंधन की दरें दो साल पुरानी दरों पर ही स्थिर रखी गईं। सरकार का कहना है कि यह कदम उपभोक्ताओं को बढ़ती वैश्विक ऊर्जा लागत से बचाने के लिए उठाया गया।
देश के चार बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल का रेट
न्यूज एजेंसी एजेंसी एएनआई द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कोलकाता में पेट्रोल 96 पैसे प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। अब यहां पेट्रोल के नए रेट 109.70 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल के नए रेट 96.07 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। जानें देश के चार बड़े शहरों में क्या है पेट्रोल-डीजल का रेट…
