CNG Price Hike: तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। पश्चिम एशिया संकट के बीच तेल कंपनियों का बढ़ता घाटा इस इजाफे की वजह है। नई दरें देशभर में तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। पेट्रोल-डीजल के अलावा सीएनजी के दाम भी बढ़ाए गए हैं।
शुक्रवार से सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
दिल्ली में पेट्रोल-डीजल की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद खुदरा ईंधन कीमतों को लंबे समय तक स्थिर रखने के कारण OMCs पर वित्तीय दबाव बढ़ता जा रहा था। इसी के चलते कंपनियों ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ऊर्जा संकट के बीच भारत की सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) पर बड़ा वित्तीय दबाव बन गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में चेतावनी दी है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं तो वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में OMCs का पूरा मुनाफा खत्म हो सकता है।
इस सप्ताह आयोजित CII Annual Business Summit 2026 में बोलते हुए पुरी ने कहा था कि मध्य पूर्व संघर्ष से पैदा हुए ऊर्जा संकट ने भारतीय ईंधन कंपनियों पर दबाव काफी बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल ऑयल डिस्ट्रीब्यटिंग कंपनियों को प्रतिदिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। पेट्रोलियम मंत्री के मुताबिक, अगर मौजूदा हालात जारी रहे तो कंपनियों का संयुक्त तिमाही घाटा लगभग 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों और घरेलू बाजार में लंबे समय तक ईंधन दरों को स्थिर रखने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों की वित्तीय स्थिति पर असर पड़ रहा है।
पेट्रोल-डीजल-CNG महंगा होने पर विपक्ष का वार
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर एक कार्टून इमेज शेयर करते हुए लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। ईंधन की कीमतों में इजाफे को लेकर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
