Tamil Nadu News: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रमुख अन्नामलाई ने बीजेपी से अलग होने के बाद एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू किया है। इससे राज्य की सियासत में हलचल मच गई है। हालांकि, सत्ताधारी टीवीके सरकार ने उनके नए संगठन की लोकप्रियता को खारिज करते हुए इसे बस एक और री-रिलीज करार दिया है।
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए टीवीके सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के.जी. अरुणराज ने टिप्पणी की, “अन्नामलाई भाजपा की एक पुरानी फिल्म है जिसे दोबारा रिलीज किया गया है। लेकिन लोग हर री-रिलीज फिल्म नहीं देखते। इसलिए उन्हें पता है कि उनकी स्थिति क्या है और उनके लिए हालात कैसे हैं। लोग सभी री-रिलीज फिल्में नहीं देखते।”
अन्नामलाई ने शुक्रवार को बीजेपी छोड़कर अपना नया मंच “वी द लीडर्स” शुरू किया। शनिवार शाम तक 14.43 लाख से ज्यादा लोग इस आंदोलन से जुड़ चुके थे। वेबसाइट पर लिखा था, “वॉलंटीयर्स हमारे आंदोलन की जान हैं। हम समुदायों को सशक्त बना रहे हैं, लीडरशिप के गुणों को निखार रहे हैं और जमीनी स्तर पर वास्तविक बदलाव ला रहे हैं। चाहे शिक्षा हो, हेल्थकेयर हो, पर्यावरण हो या युवाओं की लीडरशिप उस क्षेत्र में मौकों को तलाशें जो आपको प्रेरित करता है।”
अन्नामलाई ने बीजेपी से दिया इस्तीफा
अन्नामलाई ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और संगठनात्मक जिम्मेदारियों दोनों से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
अपने इस्तीफे पत्र में अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित होकर और तमिलनाडु की राजनीतिक संस्कृति को बदलने के लिए भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी नेतृत्व को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों में उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के साथ अपने मतभेदों को स्पष्ट किया था।
उन्होंने लिखा, “वरिष्ठ नेतृत्व के साथ हुई बातचीत के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि तमिलनाडु के संबंध में हमारे विचार एक जैसे नहीं हैं।” उन्होंने कहा, “हमारे मूल सिद्धांतों से उभरकर राजनीति में एक नया आंदोलन और एक नया आयाम शुरू होने वाला है।”
यह भी पढ़ें: अन्नामलाई के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव का इस्तीफा
तमिलनाडु भाजपा को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब पूर्व प्रदेश पार्टी इकाई प्रमुख के. अन्नामलाई के इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद दो नेताओं ने पार्टी छोड़ दी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष करुणा नागराजन और प्रदेश सचिव सुमति वेंकटेश ने भी अपना इस्तीफा दे दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
