महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित पासिंग आउट परेड में कैप्टन भरत भारद्वाज ने अपनी पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज किया था। परेड खत्म होने के ठीक बाद जब सभी अधिकारी और परिवार के लोग मैदान पर मौजूद थे तब कैप्टन भरत अपनी मंगेतर आरुषि को एक फाइटर हेलिकॉप्टर के सामने लेकर आए। उन्होंने घुटनों पर बैठकर अपनी मंगेतर के सामने अपने दिल की बात रखी। उनकी इस हरकत पर विवाद खड़ा हो गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद खबरें आईं कि सैन्य प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन के लिए अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। पर्सनल मोमेंट्स में शिष्टाचार, अनुशासन और हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गयी। हालांकि, बढ़ती आलोचनाओं के बीच कई सेवानिवृत्त वरिष्ठ सेना अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने युवा कैप्टन का समर्थन किया।
लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने X पर लिखा, “आप चाहते हैं कि युवा अधिकारी राष्ट्र प्रेम के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दे लेकिन आप नहीं चाहते कि वह अपनी मंगेतर के प्रति अपने प्रेम का इजहार करे।” ढिल्लों ने इस बात का भी खंडन किया कि इस प्रस्ताव में सुरक्षा में चूक हुई है।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने आगे लिखा, “आप चाहते हैं कि युवा अधिकारी राष्ट्रप्रेम के लिए अपने प्राणों की आहुति दे लेकिन आप नहीं चाहते कि वह अपनी मंगेतर के प्रति अपने प्रेम का इज़हार करे। सेना में हम कहते हैं कि युवा नहीं करेगा, तो कौन करेगा। अगर आपको उसकी प्रोफेशनल स्किल्स में कोई कमी नहीं दिखती तो प्रेम और अपनेपन के इस पवित्र भाव पर इस तरह की नुक्ताचीनी न करें। देश भर में कई ‘अपनी सेना को जानें’ प्रदर्शनियों में सैन्य उपकरण प्रदर्शित किए गए हैं। छात्रों और गैर-सैन्य कर्मियों ने उनके साथ तस्वीरें खींचकर सेना के प्रति गर्व और प्रेम दिखाया है। इसलिए, कृपया इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा न जोड़ें। युवा सैनिक को गर्व और सम्मान के साथ अपना राष्ट्रीय कर्तव्य निभाने दें।
सैनिक के निजी प्यार पर सवाल क्यों उठाएं- केजेएस ढिल्लों
वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान केजेएस ढिल्लों ने कहा, “पासिंग आउट परेड के बाद एक युवा अधिकारी, एक हेलीकॉप्टर पायलट ने अपनी प्रेमिका या मंगेतर को प्रपोज किया। यह तस्वीर वायरल हो गई और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ ने इसे अनुशासन का उल्लंघन बताया, कुछ ने इसे सुरक्षा का मुद्दा बताया जबकि कुछ का मानना था कि सैनिकों को ऐसा नहीं करना चाहिए।”
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ने आगे कहा, “मेरे विचार में अगर हम एक सैनिक से इतनी देशभक्ति की उम्मीद करते हैं कि वह अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हो तो उसके निजी प्यार पर सवाल क्यों उठाएं? अगर वह सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से प्यार का इजहार करता है तो इससे अनुशासन में कोई कमी नहीं आती; यह सिर्फ एक यूथ स्पिरिट को दर्शाता है। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई उल्लंघन हुआ है। यह एक इमोशनल पल था, जिस पर जरूरत से ज्यादा प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है। हमें इसे शालीनता से स्वीकार करना चाहिए।”
लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ (सेवानिवृत्त) ने भी कैप्टन भरत भारद्वाज के वायरल वीडियो को लेकर हो रही आलोचना की निंदा की। उन्होंने कहा, “एक युवा कैप्टन की हेलीकॉप्टर के सामने प्रपोज करते हुए इस तस्वीर पर सोशल मीडिया पर बहुत ज़्यादा नकारात्मक प्रतिक्रिया आ रही है। कई बार सेना के उपकरण आम जनता के देखने और फ़ोटो खींचने के लिए खुले रहते हैं। इसमें सुरक्षा का कोई उल्लंघन नहीं है। यह युवा पायलट अक्सर अपने परिवार और दोस्तों से दूर रहता है। उसे अकेला छोड़ दो।”
पायलट बनने के बाद कैप्टन ने किया मंगेतर को प्रपोज
महाराष्ट्र के नासिक स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित पासिंग आउट परेड में एक इमोशनल पल देखने को मिला। परेड के खत्म होने के दौरान यह भावुक पल तब देखने को मिला जब कैप्टन भरत भारद्वाज ने अपनी पार्टनर को शादी के लिए प्रपोज किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
