पंजाब के ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। राजस्थान के चुरू जिले में सालासर से पुलिस ने कथित शूटर अश्विनी कुमार को परविंदर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को एक होटल से अरेस्ट किया। यह गिरफ्तारी पंजाब और राजस्थान पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के बाद की गई। बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

पंजाब के मानसा जिले के रहने वाले परविंदर सिंह झोटा नशे के खिलाफ बड़े पैमाने पर सामाजिक मुहिम चला रहे थे। राज्य में नशा विरोधी अभियान चलाने वाले परविंदर की मंगलवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब झोटा अपने साथियों के साथ मानसा क्षेत्र में मौजूद थे।

परविंदर को टारगेट करके किया हमला

चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने परविंदर को निशाना बनाकर बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं थीं। अचानक हुए इस हमले में झोटा के पेट और पांव में गंभीर गोलियां लगीं, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और उनके साथियों ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परविंदर सिंह झोटा को मृत घोषित कर दिया। इस हमले में तीन अन्य युवक घायल हुए हैं।

ड्रग माफिया के हत्या की साजिश में शामिल होने का शक

शुरुआती जानकारी के अनुसार, परविंदर की हत्या के पीछे ऐसे ही लोगों का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है जो नशे का कारोबार करता हो, क्योंकि परविंदर का अभियान कहीं न कहीं ऐसे लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के पीछे एक स्थानीय मेडिकल स्टोर मालिक का हाथ बताया जा रहा था। परविंदर सिंह झोटा लंबे समय से मानसा और पूरे पंजाब में ‘चिट्टा’ (हेरोइन) और मेडिकल स्टोरों से अवैध रूप से बेची जाने वाली नशीली दवाओं के खिलाफ मुहिम चला रहे थे।

‘उसे अपनी हत्या का डर था’

परविंदर की हत्या के बाद उनकी मां ने कहा कि उसने उन्हें बार-बार चेतावनी दी थी कि उसकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा मुझसे कहता था, ‘मां, वे मुझे मार देंगे।’ जाने से पहले उसने मेरे पैर छुए और कहा, ‘मां, मेरा खाना तैयार रखना।” उन्होंने अपने बेटे को खोने का दुख जाहिर करते हुए कहा, “उन्होंने मेरे प्यारे बेटे को छीन लिया। सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।”

यह भी पढ़ें: ‘कपड़े उतरवाए और प्रताड़ित किया’, RSS प्रचारक से पुलिसवालों की बदसलूकी पर NHRC ने मांगी रिपोर्ट; जानें क्या बोले सीएम भजनलाल शर्मा

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण से दो दिन पहले एक खबर सामने आई थी, जिसमें RSS के एक प्रचारक पर पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों द्वारा हमले की बात कही गई थी। अब इस मामले का संज्ञान एनएचआरसी यानी मानवाधिकार आयोग ने लिया है। आरोप हैं कि RSS प्रचारक के कपड़े उतरवाकर उन्हें पुलिस कर्मियों ने प्रताड़ित किया। यहां पढ़ें पूरी खबर…