पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। भाजपा सांसद रवि किशन ने दावा किया है कि राज्य में अब सत्ता परिवर्तन तय है और उनकी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल को बचाने के लिए लोगों के पास केवल नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में रवि किशन ने कहा, ”प्रधानमंत्री की जो सभा हुई, जो भीड़-सैलाब और करंट दिखा। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि बंगाल में हम सरकार बना रहे हैं। दीदी जा रही हैं, मोदी जी आ रहे हैं।”
गोरखपुर से बीजेपी सांसद ने आगे कहा, ”बंगाल में जहां-जहां पाकिस्तानी छोटे-छोटे कस्बे और इलाके बन गए हैं और बंगाल के लोग इस समय यह कह रहे हैं कि हमें बंगाल बचाना है। अब बंगाल बचाने की लड़ाई है और उनके पास भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। सिर्फ पीएम मोदी ही बंगाल को बचा सकते हैं।”
रवि किशन ने आगे कहा कि मैं सभी बंगालियों को यह बात बता रहा हूं कि मोदी जी ही अब बंगाल बचा सकते हैं। यह बंगाल बचाने की लड़ाई है। और कुछ बात नहीं है। यह चुनाव इसी पर है कि हमारी संस्कृति, हमारे बंगाल को बदलने का किसी को अधिकार नहीं है। तो दीदी जा रही हैं।
एलपीजी की किल्लत पर ममता का प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध रैली निकाली।
बीजेपी कार्यकर्ताओं-कोलकाता पुलिस में झड़प
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जिस दौरान उनकी कोलकाता पुलिस से झड़प हो गई। यह विरोध प्रदर्शन 14 मार्च, शनिवार को कोलकाता में आयोजित पार्टी की ‘ब्रिगेड चलो रैली’ के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के विरोध में किया गया था।
