जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के सिमरी गांव के पास शनिवार को एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतीय सेना की चिनार वॉरियर्स यूनिट और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए ‘ऑपरेशन सिमरी’ के तहत की गई।
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि एक पाकिस्तानी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे सिमरी गांव के पास पकड़ लिया और किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को टाल दिया।
एक्स पोस्ट में दी जानकारी
चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर चिनार वॉरियर्स ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 12 जून 2026 को कुपवाड़ा के सिमरी गांव के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया, जिसने संदिग्ध परिस्थितियों में एलओसी पार की थी। संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घुसपैठिए को पकड़ लिया और संभावित सुरक्षा उल्लंघन को रोक दिया।”
फिलहाल गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि बीते दिनों भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक लव स्टोरी ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के 22 वर्षीय युवक को नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर जम्मू-कश्मीर पहुंचने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि, उत्तर कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना ने उसे पकड़ लिया और बाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया था।
सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने रविवार को बताया कि PoK से आए एक घुसपैठिए को उरी सेक्टर में LoC पार करते समय सतर्क जवानों ने पकड़ लिया। सेना के बयान में कहा गया, “चिनार वॉरियर्स ने उरी सेक्टर में LoC पार कर रहे एक घुसपैठिए को रोका। जवानों ने संयम बरतते हुए उसे चुनौती दी और सुनियोजित तरीके से गिरफ्तार कर लिया।” पूरी खबर पढ़ें…
