पाकिस्तान में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हर साल कितनी ही महिलाएं अपराध का शिकार होती हैं और अपनी जान गंवा बैठती हैं। इसी कड़ी में अब एक 20 साल की लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गई हैं। उसे पहले पेड़ से बांधा गया, फिर पत्थरों से लगातार मारा गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। ये घटना पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की बताई जा रही है।
क्यों की गई ये हैवानियत?
बताया जा रहा है कि मृतक लड़की पर व्यभिचार का आरोप लगा है। उसके पति को उस पर शक हो गया था जिसके बाद उसने अपने भाई के साथ मिलकर 20 साल की लड़की को काफी पीटा, उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। इसके बाद जहालत की हदें पार करते हुए उसे पेड़ से बांधा और तब तक पत्थर से मारते रहे जब तक उसक जान ना चली जाए। पुलिस ने इस घटना के बार केस दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी पति और उसका भाई फरार चल रहा है। खबर है कि दोनों बलूचिस्तान के पास कहीं छिपे हुए हैं।
पाकिस्तान में महिला सुरक्षा कैसी?
अब पाकिस्तान में इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा हुआ है कि महिला सुरक्षा के मामले में पाकिस्तान फिसड्डी साबित हो रहा है। एक आंकड़ा बताता है कि पाकिस्तान में हर साल सम्मान के नाम पर 1000 महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया जाता है। बड़ी बात ये है कि इन अपराधों में ज्यादातर परिवार का कोई शख्स ही आरोपी निकलता है। इसके अलावा बलात्कार, महिला अपहरण के मामले में भी ट्रैक रिकॉर्ड काफी खराब चल रहा है। दावे तमाम तरह के हो रहे हैं, लेकिन जमीन पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
