असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार (6 अप्रैल 2026) को दावा किया कि कांग्रेस द्वारा उनकी पत्नी के पास कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्ति रखने के आरोप मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा कि ये आरोप एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली झूठी जानकारी के आधार पर लगाए गए हैं। सीएम ने कहा कि पाकिस्तान असम में हो रहे विधानसभा चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
विपक्ष के आरोपों पर कहा सरमा ने कहा कि उनकी पत्नी ने ‘झूठे आरोपों’ को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। असम के सीएम सरमा का कहना है कि उनकी पत्नी के खिलाफ कांग्रेस के आरोप असम चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। इसके लिए आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया, ”पाकिस्तान, असम चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। वहां के 11 ‘टॉक शो’ में यह चर्चा की जा रही थी कि कांग्रेस को चुनाव जीतना चाहिए।”
बता दें कि एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने यह पूछा था कि क्या उनकी पत्नी या परिवार के पास दुबई में संपत्ति है, अमेरिका में कंपनियां हैं या उन्होंने अपनी संपत्ति शेल कंपनियों में रखी है? तब हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं जो ‘कानून के तहत दंडनीय’ है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज़ इस्तेमाल किए, उन्हें ‘Pakistanis in Ajman’ नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गया था। एक पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर उनकी पत्नी की तस्वीर को मॉर्फ (छेड़छाड़) करके लगाया गया था।
उन्होंने कहा, ”मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली। यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं है बल्कि देश के खिलाफ अपराध है।”
असम के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी पत्नी ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है। उन्होंने कहा, ”मुझे यकीन है कि पुलिस केस रजिस्टर करेगी और जरूरी कानूनी कार्रवाई करेगी।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है कि पूर्व असम मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई इतना नीचे गिर सकते हैं और उनकी पत्नी के खिलाफ ऐसे झूठे आरोप लगा सकते हैं।
बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास यूएई, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के तीन पासपोर्ट हैं। पवन खेड़ा ने कहा था कि सरमा की पत्नी की दुबई में दो संपत्तियां हैं और उनका शेल कंपनियों में निवेश भी है।
यह भी पढ़ें: ‘उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं, कैसे?’ पवन खेड़ा के आरोप
पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था, “हम जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री, जिनकी पूरी राजनीति मुसलमानों के प्रति नफरत पर आधारित है, उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट कैसे हैं। हम यह भी जानना चाहेंगे कि क्या रिंकी भुइयां सरमा के पास भी भारतीय पासपोर्ट है। क्या वह भी भारत की नागरिक हैं? एक भारतीय नागरिक के पास तीन अलग-अलग देशों के तीन पासपोर्ट कैसे हो सकते हैं?” पढ़ें पूरी खबर..
