ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच में पाकिस्तान इस समय मध्यस्थ की भूमिका में है। इस शांति समझौते के प्रयास पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान की मध्यस्थता का जश्न मनाना चाहिए, जिसकी वजह से अमेरिकी-ईरान सीजफायर हुआ। इतना ही नहीं उन्होंने भारत की प्रतिक्रिया को परिपक्व और समझदारीपूर्ण बताया।
एनडीटीवी को दिए गए एक इंटरव्यू में शशि थरूर से सवाल किया गया कि क्या सीजफायर में मध्यस्थता करने में इस्लामाबाद की भूमिका से नई दिल्ली को चिंतित होना चाहिए। इस पर थरूर ने जवाब देते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता कि ऐसा क्यों होना चाहिए, क्योंकि सच कहूं तो, हर चीज एक के लिए फायदेमंद और दूसरे के लिए नुकसान वाली साबित नहीं होती। अगर पाकिस्तान को भारत में आतंकवादी भेजने के लिए सराहा जा रहा होता, तो यह चिंता की बात होती। लेकिन जब पाकिस्तानी जो कर रहे हैं वह उस शांति के लिए काम कर रहे हैं जो हम भी चाहते हैं, तो मुझे लगता है कि हमें वास्तव में जश्न मनाना चाहिए।”
भारत सरकार के कदम की तारीफ की
थरूर ने कहा, “दरअसल, भारत सरकार के बयान में शांति का स्वागत किया गया है और मुझे लगता है कि यह सही, परिपक्व और समझदारी भरा कदम है क्योंकि हमें रणनीतिक संयम, क्षेत्रीय जिम्मेदारी की भावना और एक नए सिरे से प्रतिबद्धता के संयोजन के साथ इन घटनाक्रमों से निपटना होगा और ग्लोबल साउथ की आवाज के रूप में अपनी भूमिका को नहीं भूलना चाहिए।”
पाकिस्तान अमेरिकियों के लिए एक कूटनीतिक मोहरा हो सकता है- थरूर
कांग्रेस नेता शशि थरू ने पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की एक्स पर हुई गलती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि अमेरिका युद्ध विराम को एक तटस्थ तीसरे पक्ष का चेहरा देने के लिए पाकिस्तान का इस्तेमाल कर रहा हो, जिससे अमेरिका और ईरान दोनों एक-दूसरे के सामने सीधे झुके बिना तनाव कम कर सकें।”
उन्होंने कहा, “दूसरे शब्दों में कहें तो, पाकिस्तान शांति का असली सूत्रधार नहीं बल्कि अमेरिकियों के लिए एक कूटनीतिक मोहरा हो सकता है, इसलिए हमें तुरंत यह नहीं सोचना चाहिए कि पाकिस्तान ने कोई मास्टरस्ट्रोक खेल दिखाया है। लेकिन फिर भी, इस्लामाबाद में पाकिस्तान की मौजूदगी का सम्मान किया जाना चाहिए और मुझे लगता है कि हम सभी ने राष्ट्रपति ट्रंप और आसिम मुनीर के बीच विशेष संबंध देखा है।”
अमेरिका और ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ की
दो हफ्ते के युद्धविराम को लेकर ट्रंप और ईरानी विदेश मंत्री अरागची दोनों ने पाकिस्तान की प्रशंसा की। ट्रंप ने इस सीजफायर का श्रेय प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत को दिया, जबकि अरागची ने युद्ध खत्म करने के प्रयासों के लिए मुनीर और शरीफ की तारीफ की। पढ़ें पूरी खबर…
