पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी T20 विश्व कप के ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार की घोषणा की है। हालांकि, पड़ोसी देश ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में टीम की भागीदारी को मंजूरी दी है। पाकिस्तान सरकार के इस फैसले को इस विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किये जाने के विरोध के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं,दूसरी ओर इस मुद्दे पर भारत में राजनीति तेज हो गयी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने दोनों पक्षों द्वारा खेल के राजनीतिकरण को शर्मनाक बताया।
आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार किए जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि खेल का दोनों पक्षों द्वारा इस तरह से राजनीतिकरण किया जा रहा है। मुझे नहीं लगता कि मुस्तफिजुर (बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान) का अनुबंध रद्द किया जाना चाहिए था। राजनीति का दखल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।”
थरूर ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि बांग्लादेश ने ओवररिएक्ट किया लेकिन यह उसी का रिएक्शन भी है और पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है। यह पूरा मामला नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। मुझे लगता है कि हमें वास्तव में यह समझने की जरूरत है कि खेल, हमें एकजुट करने का एक माध्यम होना चाहिए, न कि इसे इस तरह चलने देना चाहिए। मुझे ईमानदारी से लगता है कि अब सभी संबंधित पक्षों के लिए एक चेतावनी है कि वे आपातकालीन आधार पर एक-दूसरे से संपर्क करें। आईसीसी इसके लिए मंच हो सकता है, बस कहें, चलो इस बकवास को खत्म करते हैं। यह सिलसिला हमेशा ऐसे ही नहीं चल सकता।”
भारत के खिलाफ T20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा पाकिस्तान
हाल ही में बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने उसे ठुकरा दिया था। जिसके बाद अब पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के बीच यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के माहौल में सामने आया है।
