नेशनल डिफेंस एकेडमी में 150वें कोर्स की पासिंग आउट परेड शनिवार को भव्य रूप से आयोजित की गई। परेड का निरीक्षण सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया। इस दौरान सेना प्रमुख ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो सशस्त्र बल ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
जनरल द्विवेदी ने कहा, ”जहां तक ऑपरेशन सिंदूर का सवाल है, यह अब भी जारी है। फिलहाल अस्थायी संघर्षविराम है। भारतीय सेना और सेना के तीनों अंग ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए तैयारियां कर रहे हैं, यदि इसे अंजाम देने की स्थिति बनती है।” युद्ध की बदलती प्रकृति पर प्रकाश डालते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि भविष्य के संघर्ष पारंपरिक जमीन, हवा और समुद्री क्षेत्रों से आगे बढ़कर अंतरिक्ष, साइबर और कॉग्निटिव युद्ध के क्षेत्रों तक फैल जाएंगे।
युद्ध का मैदान पारदर्शी हो गया- आर्मी चीफ
आर्मी चीफ ने इस बात का जिक्र किया कि आधुनिक युद्धक्षेत्र अब बेहद पारदर्शी हो गए हैं। इससे सेना की सुरक्षा और तैनाती से जुड़े फैसले पहले से कहीं ज्यादा अहम हो गए हैं।
सेना प्रमुख ने कहा, “हमने समय के साथ जो देखा है, वह यह है कि अब स्थिति 24/7 बनी रहती है। युद्ध का मैदान इतना पारदर्शी हो गया है कि हर हलचल की जानकारी दूसरी तरफ वालों को मिल जाती है। इसलिए, हमें अपनी तैनाती, अपने इस्तेमाल और अपनी सेना के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा के मामले में बहुत ज्यादा सावधानी बरतनी होगी।”
जीत हमेशा मन में होती है जमीन पर नहीं- सेना प्रमुख
सेना प्रमुख ने कहा, “जीत हमेशा मन में होती है, जमीन पर नहीं। इसलिए, इंफॉर्मेशन वारफेयर तभी सफल होता है जब पूरा देश एकजुट होकर उन लोगों पर भरोसा करे जो जानकारी दे रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अगर ऐसा होता है, तो मैं आपको यकीन दिला सकता हूँ कि जो राष्ट्र एक-दूसरे पर और इन सभी हितधारकों पर भरोसा करता है, वह युद्ध में हमेशा विजयी होगा।”
ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक का जिक्र करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि इस ऑपरेशन ने भारत की, नपी-तुली और असरदार सैन्य कार्रवाई करने की क्षमता को दिखाया। सेना प्रमुख ने कहा, “इस ऑपरेशन ने एकीकृत योजना, रियल-टाइम इंटेलिजेंस, सटीक निशाना लगाने, मज़बूत हवाई सुरक्षा, सुरक्षित संचार और सभी क्षेत्रों में तालमेल के महत्व को रेखांकित किया।”
यह भी पढ़ें: सेना प्रमुख बोले- हमारी पीढ़ी से 10 गुना बेहतर
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को युवाओं के एक समूह के साथ अनौपचारिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आज की युवा पीढ़ी की जमकर तारीफ की और Gen Z को अपनी जेनरेशन से बेहतर बताया। सेना प्रमुख ने इस दौरान कैफे खोलने का अपना सपना भी शेयर किया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
