विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर वोट चोरी का मुद्दा उठाया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने उनकी बातों को खारिज नहीं किया और इससे जुड़े सबूत मांगे।
राहुल ने कहा कि विपक्ष राष्ट्रपति को सबूत मुहैया कराएगा। विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और सीजेआई सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय समेत दस नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात की।
राष्ट्रपति को सौंपेंगे सबूत- राहुल गांधी
राष्ट्रपति से मिलने के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रची है। गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति ने विपक्ष की ओर से उठाए गए मुद्दों को खारिज नहीं किया और चुनावों में गड़बड़ियों के संबंध में सबूत पेश करने को कहा। राहुल ने बताया, ”हमने उनसे कहा कि चुनाव दर चुनाव यह चोरी की गई है। हमने जो सबूत जुटाए हैं, उन्हें राष्ट्रपति जब भी चाहेंगी, सौंप दिया जाएगा।” राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें इस बात पर आश्चर्य हुआ कि राष्ट्रपति ने विपक्ष की बातों को स्वीकार किया।
बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए- खड़गे
खड़गे ने मीडिया से कहा कि विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ”हम वोट चोरी के बारे में बताने के लिए राष्ट्रपति के पास गए थे… हमने उनसे आग्रह किया कि ईवीएम को हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराया जाए।”
खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
पश्चिम बंगाली की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया कि वह विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गौर करेंगी। ममता बनर्जी ने कहा, ”राष्ट्रपति ने सबूत मांगे हैं। हमने उनसे कहा कि आप भारतीय गणराज्य की प्रहरी हैं, आप इस मामले को देखें।”
राष्ट्रपति भवन की ओर किया मार्च
इससे पहले विपक्षी नेताओं ने बैठक की और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने तथा सीईसी ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर रणनीति पर मंथन किया। बैठक के बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च शुरू किया लेकिन पुलिस ने उन्हें विजय चौक पर ही रोक दिया।
विपक्षी नेताओं ने एक बड़ा बैनर लिया था जिस पर ‘सेव डेमोक्रेसी’ (लोकतंत्र बचाओ) लिखा हुआ था। उन्होंने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद विपक्षी सांसद वहीं सड़क पर बैठक गए और सरकार तथा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।
बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई.टी. मोहम्मद बशीर, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, भाकपा महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह नदवी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल और कई अन्य नेता मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- ‘देश पर इमरजेंसी थोपी गई’
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली में मेट्रो, रेलवे स्टेशन, सीपी के ऑफिस और रेस्टोरेंट आदि बंद कर दिए गए हैं। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर आने की कोशिश कर रहे सीजेपी के समर्थकों को भाजपा शासित राज्यों में हिरासत में लिया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
