Ajit Pawar Plane Crash: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के महासचिव रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक पत्र लिखा है। पत्र में रोहित पवार ने नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने 28 जनवरी को हुए विमान हादसे की पूरी जांच होने तक इस्तीफा मांगा है। इस हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। उन्होंने घटना की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की भी मांग की।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रोहित पवार ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे अपने पत्र में एयर चार्टर कंपनी वीएसआर के बारे में चिंता व्यक्त की है, जो दुर्भाग्यपूर्ण लीयरजेट 45 विमान की मालिक थी और संभावित संबंधों का आरोप लगाया जिनकी स्वतंत्र जांच की आवश्यकता है। रोहित पवार ने पत्र की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी है।
रोहित पवार ने पत्र में वीएसआर कंपनी और राममोहन नायडू की पार्टी (टीडीपी) से इसके संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन संबंधों की जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकरण द्वारा की जानी चाहिए। जिसमें अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का भी सहयोग लेने की मांग की गई है।
नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग करते हुए रोहित पवार ने लिखा कि आपने अजित दादा और देश के प्रति उनके योगदान का हमेशा सम्मान दिखाया है। इस संदर्भ में, मैं अनुरोध करता हूं कि राममोहन नायडू को जांच पूरी होने तक अपने पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि वीएसआर के संबंध में डीजीसीए के साथ किसी भी तरह की मिलीभगत की जांच में कोई प्रभाव या हस्तक्षेप न हो।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए रोहित पवार ने आरोप लगाया कि दुर्घटना से संबंधित परिस्थितियों की गहन जांच की आवश्यकता है और उन्होंने सुझाव दिया कि साजिश की संभावना का पता लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम साजिशों की बात करें तो दो तरह की साजिशें हो सकती हैं- राजनीतिक और व्यावसायिक साजिश। रोहित ने कहा कि हम यह पता लगाना चाहते हैं कि यह कौन सी साजिश है। दूसरी बात यह है कि अगर कोई वीएसआर कंपनी का समर्थन या संरक्षण कर रहा है, जो इसके लिए जिम्मेदार है, तो यह भी एक साजिश हो सकती है। इस कंपनी के पीछे कई प्रभावशाली लोग हैं। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के अधिकारी भी इसके पीछे हैं।
वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं से सीधे हस्तक्षेप की अपील करते हुए रोहित पवार ने कहा कि लेकिन अगर इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना है, तो भारत के सबसे शक्तिशाली लोग, जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ही अजित दादा को न्याय दिला सकते हैं, क्योंकि बाकी सभी लोग भी शक्तिशाली हैं। मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से इस जांच पर ध्यान देने का अनुरोध करता हूं। मैं आज प्रधानमंत्री मोदी को ईमेल के जरिए एक पत्र भेजने जा रहा हूं। हमारी मांग है कि विमानन मंत्री इस्तीफा दें।
रोहित पवार ने विमान दुर्घटना के तकनीकी पहलुओं पर भी संदेह जताया। जिसमें विमान का ब्लैक बॉक्स और आग लगने के संभावित कारण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमने ब्लैक बॉक्स पर संदेह जताया था। जब दुर्घटना हुई, तो सिर्फ एक धमाका नहीं हुआ, बल्कि कई धमाके हुए। उड़ान का संचालन करने वाली कंपनी वीएसआर में कई समस्याएं हैं। ये यांत्रिक और रखरखाव संबंधी समस्याएं हैं। एक ऐसा क्षेत्र है जहां बैग रखे जाते हैं, वहां अतिरिक्त पेट्रोल के डिब्बे रखे हुए थे और इसी वजह से आग लगी। इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए।
बता दें, 28 जनवरी की सुबह पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी), शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस नेताओं ने इस घटना पर सवाल उठाए हैं और इसमें साजिश की आशंका जताई है।
अजित पवार के साथ विमान में कौन-कौन था सवार?
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार सहित सभी विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह विमान हादसा बारामती में उस समय हुआ, जब विमान लैंडिंग कर रहा था। इस विमान ने सुबह आठ बजकर दस मिनट पर मुंबई से उड़ान भरी थी। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के समय बारामती एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी थी। पढ़ें पूरी खबर।
