‘Mohammad’ Deepak News: ‘मोहम्मद’ दीपक की हल्क जिम की सदस्यता 150 से घटकर 15 रह गई थी। इसके बाद अब कानूनी बिरादरी ने जिम को बचाने के लिए कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट के 15 वरिष्ठ वकीलों सहित कानूनी बिरादरी ने दीपक कुमार की आजीविका बनाए रखने में मदद करने के लिए कदम उठाया है।

26 जनवरी को दीपक ने उन लोगों के एक ग्रुप का विरोध किया जो पार्किंसंस बीमारी से पीड़ित 70 साल के मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे थे और उनसे दुकान के नाम से “बाबा” शब्द हटाने की मांग कर रहे थे। इस झड़प के दौरान, जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने भीड़ को बताया कि उनका नाम मोहम्मद दीपक है। इस झड़प का वीडियो वायरल हो गया। इससे दीपक सुर्खियों में आ गए। 31 जनवरी को बजरंग दल के कई सदस्य दीपक का सामना करने के लिए इकट्ठा हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

दो हफ्ते बाद दो हिस्सों में बंट गया शहर

एक हफ्ते बाद शहर दो हिस्सों में बंट गया। एक तरफ वो लोग हैं जिन्होंने उसका समर्थन किया और दूसरी तरफ वो लोग हैं जो उसके इस कृत्य से नाराज हैं। उसने इंडियन एक्सप्रेस को बताया था, “शहर के आधे लोग मेरा समर्थन करते हैं, लेकिन अच्छे काम करने पर लोग तालियां नहीं बजाते। ईमानदारी की कीमत चुकानी पड़ सकती है।”

जिम की सदस्यता में गिरावट के कारण कुमार को जिम का 40000 रुपये का मासिक किराया और घर बनाने के लिए लिया गया कर्ज चुकाने में कठिनाई हो रही थी। रिपोर्ट के बाद, वरिष्ठ वकीलों ने एक साल की मेंबरशिप के रूप में हर एक ने 10000 रुपये का योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास के इस काम से प्रेरित था, जिन्होंने जिम का दौरा किया था और सदस्यता खरीदी थी।

इस अभियान का नेतृत्व करने वाले वकील ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्होंने दीपक से बात की, जिन्होंने पैसे लेने में असमर्थता जताई। इसके बाद वकील ने मेंबरशिप के लिए एक वैकल्पिक उपाय सुझाया और जिम समुदाय के लोगों को योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय जिम जाने के इच्छुक लोगों के लिए एनुअल मेंबरशिप देने का फैसला किया है। जिम जाने वाले व्यक्ति को जारी किए गए सदस्यता कार्ड पर मेंबरशिप का भुगतान करने वाले व्यक्ति का नाम होगा। दीपक इस बात से सहमत हो गए हैं और उन्होंने समूह को रसीदें जारी करना शुरू कर दिया है।

इसके अलावा, वकीलों के ग्रुप ने न्यायिक प्रक्रिया में उनकी मदद के लिए फ्री कानूनी सहायता देने का वादा करके भी समर्थन दिया है। एक वकील ने बताया, “अब तक 20 से ज्यादा वकील इस पहल में शामिल हो चुके हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि दीपक को सांप्रदायिक सद्भाव के लिए 26 जनवरी को दिए गए अपने रुख के कानूनी परिणामों को चुनौती देने के लिए सर्वोत्तम संभव निःशुल्क कानूनी प्रतिनिधित्व मिले।”

वकील ने यह भी कहा कि इस पहल का उद्देश्य कुमार के कृत्य के प्रति एकजुटता व्यक्त करना और यह संदेश देना है कि “सही बात के लिए खड़े होने की भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन समुदाय यह सुनिश्चित करेगा कि इससे विनाश न हो।” कई अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर उनका समर्थन करने का वादा किया है। अभिनेत्री स्वरा भास्कर और लेखक हर्ष मंदर ने भी उन्हें आर्थिक रूप से सहारा देने के लिए मेंबरशिप लेने का सुझाव दिया था।

संपर्क करने पर दीपक ने फिर से दोहराया कि वे मेंबरशिप चार्ज लेने के लिए तैयार हैं, नकद नहीं। उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने मुझसे संपर्क किया है, मैंने उन सभी को बता दिया है कि मैं नकद स्वीकार नहीं कर रहा हूं। कई लोगों ने सदस्यता के लिए फोन किया है।”

पिंकी चौधरी ने दीपक को दी धमकी

इसी बीच, हिंदू रक्षा दल की नेता पिंकी चौधरी ने दीपक को धमकी देते हुए कई वीडियो पोस्ट किए। दीपक ने अपने अनुयायियों से गुरुवार को अपने जिम के सामने इकट्ठा होने का आह्वान किया था और एक अन्य वीडियो में उन्हें पुलिस के पास खड़े होकर कुमार को चुप कराने की धमकी देते हुए दिखाया गया है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड सरकार ने हमें वहां जाने से रोक दिया है, लेकिन मेरे अनुयायी वहां जा रहे हैं। हम उसे सबक सिखाएंगे। अगर कोई सनातन भावनाओं को ठेस पहुंचाता है और अगर किसी हिंदू ने धर्म को ठेस पहुंचाई है, तो हम उसे सुधारेंगे।”

पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए

वीडियो सामने आने के बाद पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने कहा कि उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की है और बैरियर पॉइंट्स पर जिले में एंट्री करने और बाहर निकलने वाले सभी वाहनों की जांच बढ़ा दी है। जिला पुलिस ने एक बयान में कहा, “संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन सुनिश्चित किया जा रहा है। शहर के प्रमुख सड़कों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों, बाज़ार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीमें पैदल निगरानी रख रही हैं। कोटद्वार में माहौल खराब करने या किसी भी तरह से शांति भंग करने का प्रयास करने वाले बाहर से आने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” बता दें कि दीपक कुमार ने बताया था कि कोटद्वार में हल्क जिम, जो एक किराए की बिल्डिंग में चलता है और जिसमें कभी 150 मेंबर थे, अब वहां रोज़ाना सिर्फ़ 15 लोग आते हैं। पढ़ें पूरी खबर…