LAC से लेकर LOC तक भारत का अवतार देख रही दुनिया, चीन-पाक पर पीएम मोदी बोले- मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम
इस बार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में केंद्र सरकार मना रही है। इस मौके पर पीएम मोदी बंगाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश का नया अवतार एलएसी से एलओसी तक दुनिया देख रही है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर पश्चिम बंगाल पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने चीन और पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि LAC से लेकर LOC तक दुनिया भारत के सशक्त अवतार को देख रही है। भारत हर किसी को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। बता दें कि कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ सीएम ममता बनर्जी भी मौजूद थीं। हालांकि उन्होंने बोलने से इनकार कर दिया था। उनके उठते ही लोग नारेबाजी करने लगे थे।
पीएम ने कहा, ‘उनके जैसे फौलादी इरादों वाले व्यक्तित्व के लिए असंभव कुछ नहीं था। उन्होंने विदेश में जाकर देश से बाहर रहने वाले भारतीयों की चेतना को झकझोरा। उन्होंने पूरे देश से हर जाति, पंथ, हर क्षेत्र के लोगों को देश का सैनिक बनाया। नेताजी ने संकल्प था भारत की जमीन पर आजाद भारत की आजाद सरकार की नींव रखेंगे। नेताजी ने अपना ये वादा भी पूरा करके दिखाया। उन्होंने अंडमान में अपने सैनिकों के साथ आकर तिरंगा फहराया।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हिंदुस्तान का एक-एक व्यक्ति नेताजी का ऋणी है। 130 करोड़ से ज्यादा भारतीयों के शरीर में बहती रक्त की एक-एक बूंद नेताजी सुभाष की ऋणी है। आज हर भारतीय अपने दिल पर हाथ रखे, नेताजी सुभाष को महसूस करे, तो उसे फिर ये सवाल सुनाई देगा: क्या मेरा एक काम कर सकते हो? ये काम, ये काज, ये लक्ष्य आज भारत को आत्मनिर्भर बनाने का है। देश का जन-जन, देश का हर क्षेत्र, देश का हर व्यक्ति इससे जुड़ा है।
उन्होंने आगे कहा, ‘नेताजी ने कहा था कि आजाद भारत के सपने में कभी भरोसा मत खोइए। दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो भारत को बांधकर रख सके। वाकई दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो 130 करोड़ देशवसियों को अपने भारत को आत्मनिर्भर भारत बनाने से रोक सके। नेताजी जिस भी स्वरूप में हमें देख रहे हैं, हमें आशीर्वाद दे रहे हैं। जिस भारत की उन्होंने कल्पना की थी, LAC से लेकर LOC तक, भारत का यही अवतार दुनिया देख रही है। जहां कहीं से भी भारत की संप्रुता को चुनौती देने की कोशिश की गई, भारत उसका मुंहतोड़ जवाब दे रहा है।’