ओडिशा के भद्रक जिले का एक ट्रेनी मर्चेंट नेवी ऑफिसर समुद्र में लापता हो गया। मर्चेंट नेवी में ‘डेक कैडेट’ के पद पर कार्यरत सार्थक मोहापात्रा, ‘ईए जर्सी’ नामक शिप पर ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता हो गए हैं। उनके परिवार ने ओडिशा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। 5 फरवरी को भुवनेश्वर के शहीदनगर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

सार्थक मोहापात्रा जुलाई 2025 से एक निजी शिपिंग कंपनी में काम कर रहे थे। उनके परिवार के अनुसार, भद्रक जिले के केशपुर क्षेत्र के रहने वाले मोहापात्रा मुंबई की जहाज प्रबंधन कंपनी में कार्यरत थे। मॉरीशस से चीन लौटते समय एक जहाज पर ड्यूटी के दौरान लापता हो गए। उनकी मां ने इस संबंध में ओडिशा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उनका परिवार केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग उठाई।

परिवार ने की सरकार से मदद की अपील

सार्थक की मां रश्मिता मोहापात्रा के मुताबिक, जहाज चीन से पश्चिम अफ्रीका गया था और सिंगापुर होते हुए चीन लौट रहा था। उन्होंने कहा कि सार्थक ने 2 फरवरी को मुझसे और परिवार के दूसरे सदस्यों और दोस्तों से बात की थी। उन्होंने कहा कि हम उसके लापता होने से बहुत दुखी हैं और केंद्र और राज्य सरकारों से तुरंत दखल देने का अनुरोध करते हैं।

सार्थक की मां ने कहा कि हमने ओडिशा सरकार को ईमेल भेजकर अपने बेटे को बचाने और उसे सुरक्षित घर वापस लाने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के ज़रिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, शिपिंग महानिदेशक और विदेश मंत्रालय से भी मदद मांगी। उन्होंने बताया कि एक मां के तौर पर, मैं पारदर्शी जांच, CCTV फुटेज तक पहुंच, उसके प्राइवेट सामान की जानकारी और लगातार आधिकारिक अपडेट का अनुरोध करती हूं।

प्रबंधन की प्रतिनिधि राजनांदिनी कोच्चि ने फोन पर सार्थक की मां से कहा, “मैं आपको बताना चाहती हूं कि कार्यालय में खोज जारी है। कई जहाज अभी भी खोज में लगे हुए हैं। जहाज के 12 या 13 फरवरी को सिंगापुर पहुंचने की उम्मीद है। हमें नहीं पता कि जहाज सिंगापुर कब पहुंचेगा।”

पढ़ें- हमें जनरल नरवणे से कोई आपत्ति नहीं है- निर्मला सीतारमण

दोस्त ने बताया आखिरी बार 2 फरवरी को हुई थी बात

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सार्थक के दोस्त सास्वत ने कहा, “हम लगातार संपर्क में थे। वह एंग्लो ईस्टर्न कंपनी में इंटर्नशिप कर रहा था और साथ ही साथ डीएनएस (समुद्री विज्ञान में डिप्लोमा) भी कर रहा था। हमारी आखिरी बातचीत 2 फरवरी को हुई थी। उसने सामान्य तरीके से बात की, मेरा हालचाल पूछा, मेरी मां कैसी हैं पूछा। उसके बाद, हमें 3 फरवरी को सूचना मिली कि वह उस सुबह 6 बजे से लापता है।”