Odisha Governor Braj Mohan Ram: ओडिशा के नए राज्यपाल ब्रज मोहन राम के एक बयान के लेकर राज्य में विवाद खड़ा हो गया है। ब्रज मोहन राम के बयान को लेकर राज्य में बीजू जनता दल (बीजेडी) और कांग्रेस ने उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।

ब्रज मोहन राम ने कहा कि वे बीजेपी के अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चे को और सक्रिय करने और पार्टी को ज्यादा वोट दिलाने की कोशिश करेंगे। ओडिशा में बीजेपी की ही सरकार है। ओडिशा में लगभग 17 प्रतिशत आबादी दलित समुदाय की है।

क्या कहा था ब्रज मोहन राम ने?

बृजमोहन राम ने कहा, “मैं झारखंड में एससी मोर्चा का प्रभारी हूं और तीन बार अध्यक्ष रह चुका हूं, मोर्चा को बढ़ाने और आगे करने में हमारा बहुत सहयोग रहा है।”

जब उनसे यह पूछा गया कि झारखंड में आमतौर पर दलित मतदाता बीजेपी के साथ जुड़े रहे हैं और जब वह नई जिम्मेदारी के रूप में ओडिशा जाएंगे तो वहां काम करना किस तरह से अलग होगा, इसके जवाब में राज्यपाल ने कहा, “देखेंगे कि वहां क्या स्थिति है, वहां भी हम जोड़ेंगे, वहां भी मोर्चा का अपना संगठन है, अपने संगठन को एक्टिव करके और बीजेपी के पक्ष में वोट कैसे आए इस पर चिंता करेंगे।”

ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने X पर यह वीडियो पोस्ट किया है।

रांची में न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए ब्रज मोहन राम ने यह बयान दिया था।

ब्रज मोहन राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने उनके जैसे जमीनी स्तर के नेता को इस पद पर नियुक्त किया। नवनियुक्त राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने झारखंड में भी बीजेपी के एससी मोर्चे को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाई थी और चुना में टिकट न मिलने के बावजूद वे पार्टी संगठन के साथ बने रहे।

राज्यपाल की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल

बीजेडी के राज्यसभा सदस्य संतृप्त मिश्रा ने कहा कि इस बयान से पता चलता है कि राज्यपाल की प्राथमिकताएं क्या हैं। मिश्रा ने X पर कहा, “संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति उनका झुकाव चाहे जो भी हो, अपने राजनीतिक नजरिए को लेकर इतनी जबरदस्त स्पष्टता वाकई काबिले-तारीफ है! लोकतंत्र की नई परिभाषा – संवैधानिक पद पर रहते हुए पार्टी के हितों को प्राथमिकता देना! सच में तारीफ के काबिल!”

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मीडिया और प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कहा, “ओडिशा के नए राज्यपाल बीजेपी के ब्रज मोहन राम खुलेआम घोषणा करते हैं कि वे ओडिशा में बीजेपी के लिए ज्यादा वोट और चुनावी जीत हासिल करने के लिए अपने संवैधानिक पद का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने अपना इरादा साफ कर दिया है- पार्टी लोगों, संविधान और देश से ऊपर है। इसलिए, ध्यान से देखिए, उनका चेहरा याद रखिए। गद्दार ऐसा ही दिखता है।”

दलित नेता हैं ब्रज मोहन राम

झारखंड से बीजेपी के पूर्व सांसद और दलित नेता ब्रज मोहन राम को सोमवार को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया था। रांची यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट ब्रज मोहन राम अविभाजित बिहार विधानसभा में विधायक रह चुके हैं। वे 1996, 1998 और 1999 में झारखंड के पलामू से लोकसभा के सांसद भी चुने गए थे। उन्होंने ओडिशा के 28वें राज्यपाल के तौर पर हरि बाबू कंभमपति की जगह ली है।

यह भी पढ़ें- ‘कांग्रेस के 25 विधायक BJP में शामिल होने को तैयार’

कर्नाटक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के एक दावे ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर दी है। दरअसल, सोमवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि अगर राज्य में अभी चुनाव की घोषणा हो जाए, तो कई कैबिनेट मंत्रियों समेत कांग्रेस के 25 विधायक बीजेपी में शामिल होने को तैयार हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।