पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नशे में धुत एक मरीज ने नर्स के साथ छेड़खानी कर दी। मामला बीते 23 दिसंबर का है। इस मामले में क्लिनिक के निर्देशक ने थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि नशे में धुत मरीज ने अस्पताल के कर्मचारियों को धमकियां भी दी। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि क्लिनिक में इलाज कराने के लिए आए पेशेंट ने काफी शराब पी रखी थी। शराब के नशे में अस्पताल में मौजूद नर्स के साथ छेड़खानी करने के बाद इस युवक ने अस्पताल के कर्मचारियों को मुंह ना खोलने की धमकी दी और कहा कि अगर किसी ने भी इस बारे में कुछ बोला तो इसके गंभीर अंजाम होंगे।
बहरहाल अब इस मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस का कहना है कि मामले के आरोपी को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के अलावा कोलकाता में हाल ही एक और शर्मनाक घटना हुई है जिसमें एक महिला के साथ चलती बस में छेड़खानी की गई है। जानकारी के मुताबिक कोलकाता की सड़कों पर चलती बस में दो लोगों ने इस महिला के साथ छेड़खानी की। घटना के वक्त महिला की बेटी और उनके पति दोनों मौजूद थे।
महिला का आऱोप है कि दोनों युवकों ने उनकी बेटी और पति के सामने ही उनके साथ छेड़खानी की। महिला ने उसी वक्त आपातकालीन नंबर 100 पर डायल कर पुलिस को इस बारे में सूचित किया। फोन के जरिए सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई औऱ उसने एक आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि इसी साल मई के महीने में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से ऐसी ही खबर आई थी। यहां के एक मशहूर मेडिकल कॉलेज में काम करने वाली एक नर्स ने अस्पताल के चिकित्सक पर उनके साथ छेड़खानी करने का आऱोप लगाया था। अस्पताल की महिला कर्मचारी ने उस वक्त यह भी आऱोप लगाया था कि चिकित्सक ने उन्हें अश्लील मैसेज भी भेजे। इस मामले को लेकर उस वक्त काफी हंगामा मचा था और नर्सों ने अस्पताल में कार्य बहिष्कार कर प्राचार्य का घेराव भी किया था।

