दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना देने की जगहों को लेकर बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटा दिया है और इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में नामित किया गया है। इसे लेकर अब कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।

कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की तय जगह के तौर पर हटा दिया है। हां, अब यह विरोध-प्रदर्शन की जगह नहीं रही, क्योंकि वैसे भी उस तानाशाह ने इसे युद्ध का मैदान बना दिया था। अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।”

कल वे लोकतंत्र को ही रद्द कर देंगे- दीपके

दीपके ने आगे कहा, “आज मोदी ने जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थल की सूची से हटा दिया। कल वे लोकतंत्र को ही रद्द कर देंगे। तानाशाह की समस्या विरोध स्थल कभी नहीं थी। समस्या तो लोगों के विरोध करने का विचार ही था।”

जल्द ही भारत में लोकतंत्र को भी डिनोटिफाई कर देंगे- सौरव दास

इसके अलावा सौरव दास ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “यह मंजूर नहीं है। नरेंद्र मोदी जंतर-मंतर से क्यों डरते हैं। जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। क्या गृह मंत्रालय ने भारत के लोगों से सलाह ली? क्या किसी स्टेकहोल्डर से सलाह ली गई? क्या किसी संगठन से सलाह ली गई? लिखकर ले लीजिए—जिस तरह वे लोगों के जंतर-मंतर को डी-नोटिफाई कर रहे हैं, वैसे ही प्रधानमंत्री जल्द ही भारत में लोकतंत्र को भी डी-नोटिफाई कर देंगे। यह कदम उसी दिशा में एक शुरुआत है। हम इस मनमाने फ़ैसले को स्वीकार नहीं करते। यह विरोध करने और शांतिपूर्ण ढंग से इकट्ठा होने के लोगों के मौलिक अधिकार पर हमला है। अब पूरा देश ही जंतर-मंतर बन रहा है।”

दिल्ली पुलिस ने जारी किया आदेश

दिल्ली पुलिस के आदेश के मुताबिक, तीन नए निर्धारित स्थल पुरानी दिल्ली में रामलीला मैदान, पूर्वी दिल्ली में सीबीडी मैदान और उत्तरी दिल्ली में बुराड़ी मैदान हैं। दिल्ली पुलिस का यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में आंशिक बदलाव करता है। नई गाइडलाइंस के तहत राजधानी में धरना-प्रदर्शन के लिए तय स्थानों और उनसे जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…