एक विमान दुर्घटना में बुधवार को अपनी जान गंवा चुके महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने जुलाई 2024 में खराब मौसम के बीच राज्य के कुछ प्रमुख नेताओं के साथ हेलिकाप्टर से गढ़चिरोली तक की यात्रा के दौरान अनुभव किए गए तनावपूर्ण क्षणों के बारे में तब एक किस्सा साझा किया था। उन्होंने गढ़चिरोली में एक सार्वजनिक समारोह में अपना अनुभव साझा किया था, जहां वह तत्कालीन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उद्योग मंत्री उदय सामंत के साथ नागपुर से हेलिकाप्टर से पहुंचे थे।
हालांकि यह किस्सा हवाई यात्रा के दौरान हुए उनके एक भयानक हादसे के बारे में था, लेकिन पवार ने इसे अपने खास हास्यपूर्ण अंदाज में सुनाया था। पवार के निधन के बाद उनके भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से साझा किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि हालांकि हेलिकाप्टर यात्रा के दौरान वह बहुत घबराए हुए थे, क्योंकि घने बादलों के कारण बाहर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन फड़नवीस अविचलित रहे और उन्होंने उनसे (पवार से) कहा कि उन्हें पहले भी छह बार हवा में ऐसी ही भयावह स्थिति का सामना करना पड़ा है। पवार ने तब कहा था कि फड़नवीस ने यह कहते हुए उन्हें शांत रहने के लिए कहा कि कुछ भी बुरा नहीं होगा।
यह घटना 17 जुलाई, 2024 को हुई थी जब तीनों नेता इस्पात कंपनी ‘सुरजागड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड’ के शिलान्यास समारोह में शामिल होने नागपुर से गढ़चिरोली गए थे। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद सभा को संबोधित करते हुए पवार ने कहा था कि जब हम नागपुर से हेलिकाप्टर से रवाना हुए, तो आरंभ में सब ठीक था, लेकिन बाद में, जब हेलिकाप्टर बादलों में घुस गया, तो मैंने इधर-उधर देखा- हर तरफ बादल ही बादल थे। और हमारे देवेंद्र फड़नवीस वहीं बैठे आराम से बातें कर रहे थे।
पवार ने कहा था कि मैंने उनसे (फड़नवीस से) कहा कि बाहर देखिए, हमें कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा, न पेड़, न जमीन, कुछ भी नहीं। हम बादलों के बीच अंधाधुंध उड़ रहे हैं। हम आखिर जा कहां रहे हैं? इस पर फड़नवीस ने कहा कि बिल्कुल भी चिंता मत कीजिए। मैंने अब तक ऐसी छह घटनाएं देखी हैं। जब भी मैं हेलिकाप्टर में होता हूं, यदि कोई हादसा होता है, तो मुझे कुछ नहीं होता है, इसलिए आपको कुछ नहीं होगा। पवार ने कहा था कि मैंने मन ही मन सोचा- हे भगवान, ये क्या कह रहे हैं? मन में तो पहले से ही घबराहट होने लगी थी। आज आषाढ़ी एकादशी है, इसलिए मैं मन ही मन लगातार ‘पांडुरंग, पांडुरंग’ का जाप कर रहा था।
ये भी पढ़ें- पंच तत्व में विलीन अजित पवार
